
सोलन । कैलाश ठाकुर की निर्मम हत्या के बाद भी एसपी डा रमेश छाजटा ने सोलन शहर में पुलिस की गश्त बढ़ाने से साफ इंकार कर दिया है। उनका कहना है कि पुलिस बीट इसमें क्या करेगी? जितनी गश्त है उतनी काफी है, इसमें इजाफा नहीं होगा। वहीं इस हत्याकांड को अंजाम देने वाले आरोपी छात्रों का मेडिकल वारदात के 22 घंटों के बाद हुआ।
अस्पताल रिकार्ड की तफ्तीश की तो उसमें आरोपी छात्रों की मेडिकल रिपोर्ट देर रात 9 बजकर 40 मिनट में दर्ज निकली। आखिर मेडिकल देरी से क्यों हुआ? क्या आरोपियों को पुलिस बचा रही है? कहीं यह केस कमजोर करने की तो कोशिश नहीं? इसके लेकर लोगों में तरह-तरह के सवाल खड़े हो रहे हैं। वहीं इस बारे में जब एसपी सोलन का कहना है कि आरोपी छात्रों का मेडिकल कब करवाया गया है इसके बारे में पता नहीं है। फिलहाल शहर में जितनी गश्त है उतनी रहेगी।
कमजोर हो सकता है केस
अधिवक्ता डीपी मल्होत्रा और अधिवक्ता देव शर्मा के अनुसार हत्या को अंजाम देने के बाद 22 घंटे के बाद आरोपियों का मेडिकल केस को कमजोर कर सकता है। यदि शराब की कंजप्शन हो तो 22 घंटे बाद उसमें शराब की रिपोर्ट काफी कम होगी। इससे केस कमजोर हो सकता है। कायदे के मुताबिक वारदात के तुरंत बाद ही पुलिस को आरोपियों का मेडिकल करवाना चाहिए था।
यह कहती है आईजीएमसी की रिपोर्ट
पुख्ता सूत्रों के मुताबिक आईजीएमसी की रिपोर्ट में खुलासा हुआ है कि कैलाश के गले में बोतल घोंपने से पहले उसे बुरी तरह से पीटा गया था। उसके पेट में पैनी वस्तु से कई वार किए गए थे। मृतक के पूरे शरीर में गंभीर चोटों के निशान भी पाए गए हैं।
खून में कैसे होगी शराब की पुष्टि?
22 घंटे के बाद हमलावरों के मेडिकल में शराब के सेवन की पुष्टि ब्लड में होना मुश्किल है। यूरिन में अवश्य इसकी पुष्टि हो सकती है। जबकि शराब के सेवन की मात्रा इसमें बेहद कम आएगी। एमओएच एनके गुप्ता ने कहा कि देर रात करीब साढ़े नौ बजे चारों छात्रों का मेडिकल हुआ है।
5 दिन का पुलिस रिमांड
शूलिनी सिल्ब संस्था के आरोपी छात्रों गौरव सिंह पुत्र तेज सिंह गांव दसेरन डा भराड़ीघाट तहसील अर्की सोलन, अजय शर्मा पुत्र सुंदर लाल शर्मा गांव शावड़ा डा जुखाला तहसील सदर बिलासपुर, चंदन सोनी पुत्र सुुरेश कुमार मार्फत बावा मेडिकल स्टोर गुरुद्वारा रोड धर्मशाला, प्रदीप मेहता निवासी मेहता निवास सांगटी शिमला को अदालत में पेश किया गया। जहां उन्हें पांच दिन का पुलिस रिमांड मिला है। एसएचओ अनिल धोल्टा ने बताया कि पांच दिन पुलिस रिमांड दिया गया है।
चंबाघाट में अंतिम संस्कार
चंबाघाट के शमशानघाट में मृतक कैलाश ठाकुर का अंतिम संस्कार हुआ। संस्कार में सोलन शहर के लोगों ने भावभीनी श्रद्धांजलि दी। कैलाश सोलन में कराटे सिखाता था। साथ ही मार्केटिंग का काम भी करता था। सोलन में हुए इस घिनौने अपराध के बाद लोगों में भय का माहौल है।
