
नालागढ़ (सोलन)। महामहिम राष्ट्रपति प्रणव मुखर्जी का चौपर 25 मई को बरोटीवाला स्कूल मैदान में उतरेगा। मंगलवार को चौपर उतारने की सफल परीक्षण किया गया। राष्ट्रपति औद्योगिक क्षेत्र बरोटीवाला के कालूझिंडा स्थित महाराजा अग्रसेन विश्वविद्यालय का शुभारंभ करेंगे।
मंगलवार को चौपर बरोटीवाला स्कूल में परीक्षण के लिए उतरा, जिसका सफल परीक्षण किया गया। महामहिम बरोटीवाला स्कूल मैदान में चौपर से उतरने के बाद विश्वविद्यालय जाएंगे। महामहिम के पहली बार औद्योगिक क्षेत्र बीबीएन के आगमन पर उनके स्वागत की तैयारियों में कोई कसर नहीं छोड़ी जा रही है।
डाक्टरों की टीम भी तैनात
राष्ट्रपति प्रणव मुखर्जी के आगमन को लेकर डाक्टरों की टीम का गठन कर दिया गया है, जिसमें बीएमओ नालागढ़ स्वयं भी शामिल रहेंगे। टीम महामहिम के खानपान की वस्तुओं की जांच करेंगे। वहीं तीन अन्य डाक्टरों की टीम का भी गठन किया गया है, जिसमें एक एमडी मेडिसिन, मेडिकल सर्जन और आर्थोपेडिक विशेषज्ञ शामिल है। बीएमओ नालागढ़ डा. हरमोहिंदर सिंह ने इसकी पुष्टि की है।
पुलिस बल हो चुका है तैनात
एसपी बद्दी एस अरूल कुमार का कहना है कि बीबीएन के चप्पे-चप्पे पर पुलिस बल तैनात कर दिया गया है और स्कूल से लेकर समारोह स्थल तक पुलिस कर्मियों की नियुक्तियां कर दी गई हैं, जो हर गतिविधि पर नजर रखेंगी।
