
ऊना। जिले में पारा धीरे धीरे नहीं बल्कि तेजी से नई ऊंचाइयां छू रहा है। ऊना जिले में पारा रविवार को 43.2 डिग्री सेल्सियस से पार जा पहुंचा है। ऐसे में गर्मी बढ़ती ही जा रही है और लोगों का गर्मी के मारे हाल-बेहाल हो रहा है। दोपहर के समय बाजारों सहित मुख्य मार्गों पर आवाजाही बेहद कम देखी गई। दुकानदारों को दोपहर के समय अधिक ग्राहक नहीं मिल पा रहे हैं। ऐसे में गर्मी के कारण उनके व्यापार पर बुरा असर पड़ रहा है। यदि गर्मी का ऐसा ही प्रकोप रहा तो आगामी दिनों में तापमान 45 डिग्री सेल्सियस का आंकड़ा छू लेगा। दूसरी ओर गर्मी से लोग बेहाल होते हुए बीमारियों की चपेट में आते जा रहे हैं। बुजुर्गों, अधेड़ों, महिलाओं सहित नौनिहाल भी बीमार होते जा रहे हैं। उल्टी, दस्त, बुखार, पीलिया आदि की बीमारियां बढ़ती जा रही हैं। जिले भर के अस्पतालों में गर्मी जनित बीमारियों के रोगियों की संख्या काफी बढ़ी है।
प्रचंड गर्मी का सबसे अधिक असर स्कूली विद्यार्थियों और कर्मचारियों पर पड़ रहा है। प्रशासन की ओर से स्कूलों की समयसारिणी में अब तक कोई बदलाव नहीं किया गया है। ऐसे में बच्चे गर्मी से बेहाल होते हुए स्कूलों में शिक्षा ग्रहण कर रहे हैं। उधर, एक सप्ताह तक बारिश की संभावना से मौसम विभाग की ओर से भी इंकार किया जा रहा है। मौसम विभाग के कार्यकारी अधिकारी विनोद शर्मा के मुताबिक इस सप्ताह गर्मी इसी तरह प्रचंड रहेगी और पारा ऊंचाइयां छूता रहेगा। अनुमान के मुताबिक इस सप्ताह बारिश होने की कोई संभावना नहीं है।
