
केलांग। मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह के लाहौल-स्पीति दौरे के दौरान उमड़ी भीड़ से कांग्रेस कार्यकर्ता गदगद हैं। कांग्रेस नेताओं ने कहा कि उदयपुर, केलांग, काजा और ताबो में वीरभद्र सिंह को सुनने के लिए जनसभाओं में भारी भीड़ उमड़ी थी। स्थानीय विधायक रवि ठाकुर ने कहा कि मुख्यमंत्री का जनजातीय क्षेत्रों का दौरा अपने आप में महत्वपूर्ण है।
उन्होंने कहा कि प्रदेश में सत्ता संभालने के महज पांच माह के भीतर वीरभद्र सिंह ने लाहौल स्पीति का दौरा किया है। रवि ठाकुर ने कहा कि बीते भाजपा कार्यकाल में मुख्यमंत्री तो दूर उनके किसी भी केबिनेट मंत्री ने घाटी का रुख करना तक मुनासिब नहीं समझा। रवि ठाकुर ने कहा कि मुख्यमंत्री लाहौल-स्पीति के दो-दो स्कूलों को अपग्रेड करने की घोषणा के साथ ही भाजपा कार्यकाल में डिनोटिफाई किए एक स्कूल को फिर से खोल गए। वहीं शशुर बौद्ध मठ के जीर्णोद्धार को मुख्यमंत्री ने पांच लाख रुपये की राशि देने की घोषणा की है। उदयपुर स्थित राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक स्कूल भवन को नए सिरे से बनाने के मुख्यमंत्री ने आदेश दिए हैं। कांग्रेस सरकार प्रदेश के साथ ही जिला में भ्रष्टाचार मुक्त और पारदर्शी प्रशासन देने के लिए वचनबद्ध है। मुख्यमंत्री ने उन्हें पूरा भरोसा दिया है कि जिले के विकास के लिए बजट की कमी आडे़ नहीं आएगी। मुख्यमंत्री की जनसभाओं में लोगों की जिस तरह भीड़ उमड़ी है उसे देखकर यह कहना गलत नहीं होगा कि घाटी की जनता लोकसभा के उपचुनाव में कांग्रेस प्रत्याशी को अपना समर्थन देने का मन बना चुके हैं। उन्होंने दो दिवसीय लाहौल स्पीति के दौरे के लिए मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह का आभार जताया है।
