
ऊना। रायपुर में पिछले दिनों एक महिला की ओर से जहर निगलकर जान देने के मामले में पुलिस ने उसके पति और अन्य ससुरालियों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। विवाहिता की मौत के बाद उसकी माता ने बेटी के ससुरालियों पर उसे प्रताड़ित करने का आरोप लगाया था। पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार श्रेष्ठा देवी पत्नी परमेश्वरी दास निवासी संजय एनक्लेव मकान नंबर 535 दिल्ली ने शिकायत दर्ज करवाई है कि उन्होंने अपनी बेटी रंजना की शादी वर्ष 2010 में संजीव कुमार पुत्र करतार सिंह निवासी रायपुर के साथ की थी। शादी के कुछ समय बाद ही उनकी पुत्री रंजना का पति एवं ससुराल पक्ष के अन्य लोग उसे मानसिक रूप से प्रताड़ित करने लग पड़े। प्रताड़ना से तंग आकर उसकी लड़की रंजना ने 17 मई 2013 को जहरीला पदार्थ निगल कर आत्महत्या कर ली। एसपी केसी शर्मा ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि पुलिस ने मृतका के ससुरालियों के खिलाफ आईपीसी की धारा 306 और 34 के तहत मामला दर्ज लिया है।
