पेखूबेला में बनेगा आईओसी का डंप

मैहतपुर (ऊना)। ऊना जिले के पेखूबेला में इंडियन ऑयल कॉरपोरेशन भंडारण केंद्र स्थापित करेगी। जहां कंपनी पेट्रोल, डीजल तथा केरोसिन का भंडारण करेगी और मांग के अनुसार हिमाचल प्रदेश के साथ-साथ पंजाब के सरहदी क्षेत्रों में सप्लाई करेगी। कंपनी ने पेखूबेला क्षेत्र में 65 एकड़ सरकारी जमीन खरीदी है, जहां पेट्रो डंप स्थापित किए जाने की योजना है। आईओसी के स्थानीय संयंत्र प्रबंधक नारो टंडप ने इसकी पुष्टि की है। कंपनी सूत्रों के मुताबिक ऊना जिले के विभिन्न क्षेत्रों में पेट्रो डंप स्थापित करने को लेकर सर्वे करवाया गया, जिसमें पेखूबेला क्षेत्र को इस परियोजना के लिए चुना गया है। गैस के जरिए आने वाले पेट्रो पदार्थों को पेखूबेला में डंप किया जाएगा। पेट्रो क्षेत्र के इस सरकारी उपक्रम के आने से न केवल पेखूबेला में व्यावसायिक गतिविधियों में तेजी आएगी, बल्कि स्थानीय स्तर पर रोजगार के दरवाजे भी खुलेंगे। खासतौर पर ट्रांसपोर्ट कारोबार से जुड़े लोगों का कारोबार और ज्यादा बढ़ जाएगा। कंपनी के सूत्रों की मानें तो पेट्रोल, डीजल की सप्लाई के लिए निजी कैंटर मालिकों को कंपनी कारोबार मुहैया करवाएगी, जिससे वह और ज्यादा खुशहाल हो सकेंगे। आईओसी के संयंत्र प्रबंधक नारो टंडप ने कहा कि ऊना में कई जगहों का सर्वे करवाया गया और पेखूबेला क्षेत्र की सरकारी भूमि को इसके लिए चुना गया है। कंपनी ने यह जमीन अपने नाम करवा ली है। डंप के लिए अन्य औपचारिकताओं को पूरा किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि पेखूबेला में डंप बनने से समूचे हिमाचल को पेट्रोल, डीजल तथा केरोसिन की सप्लाई यहीं से होने लगेगी।

Related posts