
मुल्थान (कांगड़ा)। छोटा भंगाल के अंतर्गत मुल्थान तहसील की तीन पंचायतों में 15 दिनों से सैकड़ों मोबाइल फोन और लैंडलाइन फोन ठप पड़े हैं। इससे उपभोक्ताओं को तो परेशानी हो रही है। साथ ही इस कारण विभाग के राजस्व को भी नुकसान हो रहा है। फोन ठप होने का कारण बरोट से लुहारड़ी के बीच मार्ग पर ओएफसी लाइन का कटना बताया गया है।
उपभोक्ताओं में रिशि राज, शांता देवी, रूप लाल, रमेश, ज्ञान चंद, रामू राम, रोशन लाल एवं सूरत राम ने जारी संयुक्त बयान में कहा है कि छोटा भंगाल के दूर-दराज क्षेत्र की तीन पंचायतों के 15 हजार लोगों को एकमात्र मोबाइल टावर एवं लैंडलाइन टेलीफोन की व्यवस्था है। इसके खराब होने से बीमारी और आपातकालीन स्थितियों में लोगों को कई दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। उपभोक्ताओं का कहना है कि इस समस्या बारे में कई बार बैजनाथ दूरसंचार के अधिकारियों को अवगत करवाया गया लेकिन आज तक कोई सुनवाई नहीं हुई। उन्हाेंने डीसी कांगड़ा एवं विभाग के महाप्रबंधक से मांग की है कि जल्द खराब पड़ी लाइनों को ठीक करवाने के आदेश जारी करें, जिससे उपभोकताओं को परेशानी ना हो। इस बारे में निगम के बैजनाथ स्थित एसडीओ राजेश पठानिया ने कहा कि आज ही निगम के कर्मचारियों को ओएफसी ठीक करने को भेज दिया गया है।
