
पपरोला (कांगड़ा)। आईपीएल के आखिरी पड़ाव में धर्मशाला के एचपीसीए क्रिकेट स्टेडियम में 18 मई को किंग्स इलेवन पंजाब व मुंबई इंडियंस के बीच होने वाले मैच को लेकर क्षेत्र के युवाओं में भारी क्रेज है। युवा शनिवार को खासतौर पर सचिन की पारी का वेसब्री से इंतजार कर रहे हैं। युवाओं में सचिन तेंदुलकर को साक्षात बल्लेबाजी करते हुए देखने को लेकर भारी उत्साह है। इस मैच की खातिर क्रिकेट प्रेमियों ने बाकायदा सस्ती से लेकर महंगी टिकटें खरीद रखी हैं।
कृष्णानगर के पंकज का कहना है कि वह दोनों मैच देखने धर्मशाला जाएंगे व सचिन का दीदार करना उनकी दिली इच्छा है। साई यूनिवर्सिटी के छात्र रिकांगपिओ, किन्नौर के निवासी विकास व मंडी निवासी अंशुल का कहना है कि वे दोनों मैच देखने धर्मशाला जाएंगे। उन्होंने कहा कि मैदान पर स्टार क्रिकेट खिलाड़ियों को खेलते देखना व चौके-छक्कों की बरसात के बीच झूमने का एक अलग ही मजा है। खड़ानाल निवासी टैक्सी चालक संजय कुमार का कहना है कि धर्मशाला में आईपीएल मैच का वह टीवी पर ही आनंद उठाएंगे। जबकि सब्जी व्यापारी विनीत मेहरा वीआईपी स्टैंड में मैच का लुत्फ उठाएंगे। पपरोला निवासी स्कूली छात्र कर्ण शर्मा भी धर्मशाला में सचिन के आगमन को लेकर काफी उत्साहित हैं। युवा व्यवसायी पंकज शर्मा कहते हैं कि वह पहले सीजन से ही धर्मशाला में आईपीएल मैच देखने जा रहे हैं और पहली बार धर्मशाला में सचिन को बल्लेबाजी करते देखना काफी रोमांचक रहेगा। व्यवसायी सुमित सूद, हैपी भटनागर, धीरज नंदा, सुमित नंदा, नीरज, नमित, संदीप, सचिन सूद व पुनीत महाशा भी कुछ ऐसी ही राय रखते हैं।
