सरकार ने आईपीएल से बनाई दूरी

शिमला। धर्मशाला में बेशक आईपीएल का रोमांच सिर चढ़कर बोल रहा हो, लेकिन हिमाचल सरकार ने लगता है इससे दूरी बना ली है। पूर्व सरकार के समय के कथित आरोपों की विजिलेंस जांच शुरू होने के बाद अब सरकार के मंत्री भी आईपीएल मैच देखने धर्मशाला नहीं पहुंचे। धर्मशाला के स्थानीय विधायक एवं शहरी विकास मंत्री सुधीर शर्मा धर्मशाला में ही थे। वह दिनभर मैकलोडगंज, धर्मकोट और कंडी के दौरे पर रहे, लेकिन मैच देखने नहीं आए। दूसरी ओर एचपीसीए ने इस बार मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह को भी इस आयोजन के लिए नहीं बुलाया।
संपर्क करने पर शहरी विकास मंत्री सुधीर शर्मा ने कहा कि उन्हें मैच के लिए निमंत्रण था, लेकिन पूर्व निर्धारित कार्यक्रमों के कारण वह नहीं जा पाए। इधर एचपीसीए के सचिव विशाल मरवाह ने बताया कि आईपीएल के लिए ग्राउंड किंग्स इलेवन पंजाब के पास है। वे ही गेस्ट लिस्ट बनाते हैं और टिकट बेचते हैं। एचपीसीए को इसके बदले किराया आता है। हमारे पास एक दिवसीय अंतरराष्ट्रीय मैच के दौरान यह मैदान था। उस समय मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह को बुलाया गया था।

Related posts