
पालमपुर (कांगड़ा)। परौर के साथ लगती न्यूगल खड्ड में हो रहे अवैध खनन को लेकर आरठ के लोगों में भारी आक्रोश है। लोगों का कहना है कि इस अवैध खनन को नहीं रोका तो उनकी जमीनें बर्बाद हो जाएंगी। विभाग को इस बारे में कई बार बताया गया। लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। लोगों ने इस बाबत अब विस अध्यक्ष बृज बिहारी बुटेल को भी एक पत्र लिख दिया है। न्यूगल खड्ड परौर में अवैध खनन से हो रहे रास्तों व वन भूमि के नुकसान पर लोगों में विभाग के प्रति गुस्सा फूट पड़ा है।
लोगों का कहना है कि यहां पर हो रहे खनन से श्मशानघाट व जमीनों को जाने वाले रास्ते को भारी नुकसान हो रहा है। यही नहीं, खनन माफिया ने वन भूमि पर भी गड्ढे कर दिए हैं। जिला पार्षद कपूर चंद, उपप्रधान मनमोहन डोगरा, पूर्व बीडीसी सदस्य प्रदीप ठाकुर, अजीत सिंह, राज कुमार, अजय, ओंकार, तारी राम, महिला मंडल व अन्य लोगों का कहना है कि इस अवैध खनन को नहीं रोका तो उनकी जमीनों के साथ वन भूमि को भी नुकसान होगा। लोगों ने बुटेल को भी पत्र लिखकर इस अवैध खनन को रोकने की मांग की है।
खनन अधिकारी अशोक शर्मा ने कहा कि विभाग समय-समय यहां पर अवैध खनन करने वालों के खिलाफ कार्रवाई कर रहा है। अभी हाल ही विभाग ने यहां का दौरा किया था। जबकि आगे भी कार्रवाई होगी। उधर, एसडीएम पालमपुर भूपेंद्र अत्री ने कहा कि उन्होंने परौर में जाकर स्वयं अवैध खनन करने वाले लोगों को खिलाफ कार्रवाई की है। वह वहां पर खनन को लेकर नजर रखे हुए हैं। खनन विभाग को भी कार्रवाई के आदेश दिए हैं।
