
ऊना। जिले के विकास कार्यों की समीक्षा के लिए नोडल सचिव बनाए गए जन शिकायत निवारण, प्रशासनिक सुधार एवं प्रशिक्षण विभाग के प्रधान सचिव संजय गुप्ता ने वीरवार को सभी विभागाध्यक्षों के साथ बैठक कर विभिन्न योजनाओं के क्रियान्वयन की फीड बैक ली। अधिकारियों को फील्ड स्तर पर इनका प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए।
उन्होंने मैहतपुर-अंब रोड के स्तरोन्नत कार्य का जायजा भी लिया और आगामी 30 जून तक पुलों को छोड़कर इस सड़क के कार्य को पूरा करने की समय सीमा भी तय की। उन्होंने कहा कि मैहतपुर-अंब रोड के कार्य में पहले ही विलंब हो चुका है, इसलिए इस कार्य में विशेष रूप से तेजी लाकर 30 जून तक पूरा किया जाना चाहिए। हिमाचल के प्रवेश द्वारों पर ‘हिमाचल प्रदेश में आपका स्वागत है’ शीर्षक से बोर्ड लगाने के निर्देश भी दिए। सड़क पर अवरोधक लगाने के निर्देश भी दिए, जिससे अंधेरे में वाहन चालकों को पेश आ रही समस्या का निवारण हो सके और दुर्घटनाएं टाली जा सकें। गुप्ता ने बताया कि स्वां नदी के चतुर्थ चरण के तटीकरण के लिए 985 करोड़ का महत्वाकांक्षी प्रोजेक्ट तैयार कर नई दिल्ली स्थित केंद्रीय जल आयोग को भेजा गया है, जिसे जल्द ही मंजूरी मिलने की उम्मीद है। इस प्रोजेक्ट के तहत दौलतपुर से लेकर संतोषगढ़ पुल तक स्वां नदी की सभी सहायक खड्डों का तटीकरण करके 6071 हेक्टेयर भूमि पुन: कृषि योग्य बनाई जाएगी। उन्होंने मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह के निर्देशों के अनुरूप जिले के सभी थानों में तुरंत प्रभाव से 4-4 महिला कांस्टेबल तैनात करने के आदेश भी दिए। इसके अलावा मिड-डे-मील और आंगनबाड़ी केंद्रों में बच्चों को दिए जाने वाले भोजन और पेयजल की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के भी निर्देश दिए। इस अवसर पर डीसी अभिषेक ने संजय गुप्ता का स्वागत करते हुए उन्हें भरोसा दिलाया कि जिले में सरकार की सभी प्राथमिकताओं और योजनाओं को तवज्जो देकर उन्हें अमलीजामा पहनाया जाएगा। इस मौके पर एसपी खुशहाल शर्मा, एडीसी दर्शन कालिया, ऊना, अंब एवं बंगाणा के एसडीएम सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
पंडोगा में स्थापित होगा नया औद्योगिक क्षेत्र
प्रदेश सरकार की ओर से ऊना जिले के लिए मंजूर किया गया नया औद्योगिक क्षेत्र हरोली विधानसभा क्षेत्र के पंडोगा में स्थापित किया जाएगा। इसके लिए 2000 कनाल भूमि का चयन कर लिया गया है। यहां औद्योगिक क्षेत्र विकसित होने से जिला में औद्योगिकीकरण की गति और तेज होगी।
