
ऊना। स्थानीय बस अड्डे में एक दंपति बेसुध हालत में मिला है। जिसे स्थानीय लोगों की मदद से क्षेत्रीय अस्पताल ऊना में उपचाराधीन करवा दिया गया है। वहीं, पुलिस दोनों की पहचान करने में जुटी हुई है। बताया जा रहा है कि उक्त बुजुर्ग दंपति पंजाब रोडवेज की एक बस के माध्यम से ऊना के बस स्टैंड में पहुंचे थे। जहां उन्हें बेसुध हालत में पाया गया। आसपास खड़े युवकों ने दोनों को संभाला और एंबुलेंस 108 के माध्यम से क्षेत्रीय अस्पताल ऊना पहुंचाया। खबर लिखे जाने तक दोनों को होश नहीं आया था। लिहाजा उनके बयान भी कलमबद्ध नहीं किए जा सके हैं। लोगों ने दोनों को कोई नशीला पदार्थ खिलाए जाने का अंदेशा जाहिर किया है। एसपी केसी शर्मा ने बताया कि पुलिस ने घटना के संदर्भ में छानबीन आरंभ कर दी है। दोनों की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है। पुलिस पूरे मामले पर निगाह रख रही है। दोनों के बेसुध होने के कारण उनके बयान नहीं लिए जा सके हैं।
