71 पेड़ों पर चला दी कुल्हाड़ी

गगरेट (ऊना)। गगरेट क्षेत्र के संघनई गांव में वन काटुओं ने मलकीयती भूमि से 71 पेड़ों पर कुल्हाड़ी चला दी। इन पेड़ों की कीमत लगभग तीन लाख के करीब बताई जा रही है। पीड़ित व्यक्ति ने इस संबंध में पुलिस थाना गगरेट में शिकायत देकर न्याय की गुहार लगाई है। शिकायत के आधार पर पुलिस तथा वन विभाग ने मामले की पड़ताल तेज कर दी है। पंजाब बार्डर के साथ सटे क्षेत्र गगरेट में वन काटुओं के हौसले बुलंद हैं। पुलिस से प्राप्त जानकारी के मुताबिक संघनई निवासी व्यक्ति ने बताया कि वन काटुओं ने जंगल में उनकी भूमि से काफी संख्या में सरींह, कामल, कैंबल, रूंबल, चीड़ आदि के पेड़ काट लिए हैं। शिकायत पत्र मिलने पर पुलिस ने पीड़ित व्यक्ति को मलकीयती रकबे की निशानदेही लेने को कहा। पीड़ित व्यक्ति ने पुलिस और वन विभाग के कर्मचारियों की उपस्थिति में अपने रकबे की निशानदेही ली तो पता चला कि उसकी भूमि से 71 पेड़ विभिन्न प्रजातियों के काटे गए थे। इनकी अनुमानित कीमत तीन लाख से भी ज्यादा बताई जा रही है। गगरेट थाना के अतिरिक्त प्रभारी रामदास ने बताया कि पुलिस इस मामले की गहनता से छानबीन कर रही है तथा दोषियों को बख्शा नहीं जाएगा।

Related posts