60 करोड़ का पानी पीयेगा रामनगर

रामनगर। नगर की ‘बूढ़ी’ पेयजल लाइनों को फिर से ‘जवान’ बनाने के लिए शासन स्तर से कोशिश शुरू हो गई है। 2014 आते ही पेयजल लाइनें बदलने का काम शुरू होना है। इसकी समीक्षा के लिए बुधवार को पहुंचे शहरी विकास विभाग के निदेशक पीएस जंगपांगी ने बताया कि लाइनों को अपग्रेड करने के साथ योजना की क्षमता और लाइफ भी बढ़ाई जाएगी। 2048 तक की जनसंख्या के आधार पर एशियन डेवलपमेंट की ओर से योजना के लिए 60 करोड़ रुपये का बजट रखा गया है।
पत्रकारों से बातचीत में निदेशक ने बताया कि कार्य के लिए क्रियान्वयन इकाई का गठन कर दिया गया है। प्रोजेक्ट मैनेजर भूपेंद्र कोठारी के नेतृत्व में बांगझाला पेयजल योजना के अंतर्गत बल्दियापड़ाव के लिए एक इंटेक वेल, चार नए ओवरहेड टैंकों का निमार्ण कार्य शुरू कराया जाएगा। सभी संबंधित विभागों से अनापत्ति ली जा चुकी है। तकनीकि परीक्षण अंतिम चरण में है। कार्य पूरा होने के बाद नगर में 24 घंटे पेयजल की सप्लाई होगी। कोसी के पानी को इस योजना के लिये पर्याप्त बताते हुए निदेशक ने बताया कि यदि भविष्य में नदी का जलस्तर गिरा तो इसके लिए नलकूप के माध्यम से पेयजल सप्लाई का खाका भी तैयार किया जाएगा।
दूसरे चरण में सीवर लाइन का काम होना है। जिसमें सीवर ट्रीटमेंट प्लांट भी लगाया जाएगा। वार्ता से पूर्व निदेशक ने उपजिलाधिकारी एसएस जंगपंागी, नगरपालिका के ईओ मनोज दास, पेयजल विभाग के अधिकारियों के साथ बैठक कर पेयजल योजना की समीक्षा भी की।

Related posts