38 साल से अपग्रेड नहीं हो पाया घुंडेरा स्कूल

सलूणी (चंबा)। प्राथमिक पाठशाला घुंडेरा का 38 साल के बाद भी दर्जा नहीं बढ़ाया गया है। इस कारण तीन पंचायतों के बच्चों को उच्च शिक्षा के लिए छह किलोमीटर दूर सीनियर सेकेंडरी स्कूल सलूणी जाना पड़ता है। प्राप्त जानकारी के मुताबिक घूंडेरा स्कूल वर्ष 1975 में खोला गया था। इसके बाद ग्रामीणों ने कई बार सरकार से स्कूल को अपग्रेड करने की मांग उठाई, लेकिन आज तक उनकी मांग पूरी नहीं हो पाई है। इसके चलते बच्चों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ता है। अभिभावक देस राज, बाल कृष्ण, हंस राज, मान सिंह, लेख राज, प्रेम लाल, सोनी, मुकेश कुमार, ब्यास देव मान सिंह, भगत राम और राम सिंह ने बताया कि स्कूल अपग्रेड न होने के कारण बच्चों को छोआ नाला पार कर सलूणी जाना पड़ता है। बरसात के मौसम में उन्हें काफी परेशानी पेश आती है। उन्होंने प्रदेश सरकार से मांग की है कि घुंडेरा स्कूल को मिडल स्कूल का दर्जा दिया जाए। इससे ग्राम पंचायत सलूणी, दिघाई और खरोटी के बच्चों को काफी सहूलियत मिलेगी।

Related posts