
चंबा। गर्मियों में पानी की किल्लत से निपटने के लिए सिंचाई एवं जन स्वास्थ्य विभाग की ओर से फील्ड स्टाफ की छुट्टियां रद्द कर दी गई हैं। विभाग के कर्मचारियों को हर समय ड्यूटी पर तैनात रहना पड़ेगा। प्राप्त जानकारी के मुताबिक प्रचंड गर्मी केे कारण जिला के कई स्रोत सूखने शुरू हो गए हैं। इसके अलावा कई जगह पानी की सप्लाई सुचारु रूप से नहीं हो रही है। इस कारण पानी के लिए लोगों को काफी मुश्किलों का सामना करना पड़ रहा है। लोगों को पानी की समस्या से उभारने के लिए सिंचाई एवं जन स्वास्थ्य विभाग की ओर से पुख्ता प्रबंध किए जा रहे हैं। विभाग की ओर से फील्ड के कर्मचारियों की छुट्टियां रद्द कर दी गई हैं। अगर क हीं पानी की सप्लाई में किसी प्रकार की दिक्कत पेश आती है तो कर्मचारियों को तुरंत समस्या का समाधान करना होगा। इस संदर्भ में सिंचाई एवं जन स्वास्थ्य विभाग के अधिशासी अभियंता आरके वर्मा ने बताया कि गर्मियों के दौरान लोगों को पानी की कमी से दो चार न होना पड़े। इसके लिए विभाग की ओर से फील्ड स्टाफ को पानी की सप्लाई सुचारु करने के निर्देश जारी कर दिए गए हैं। साथ ही फील्ड स्टाफ की छुट्टियां भी रद्द कर दी गई हैं। उन्होंने कहा कि विभाग के फील्ड स्टाफ को रविवार को भी ड्यूटी देनी पड़ेगी।
अधिशासी अभियंता आरके वर्मा ने विभाग के कर्मचारियों को निर्देश जारी किए हैं कि पानी में कलोरीन और ब्लीचिंग पाउडर डालें। उन्होंने कहा कि गर्मी के मौसम में जलजनित रोगों के लगने का खतरा रहता है। कलोरीन और ब्लीचिंग पाउडर को पानी में डालना अति आवश्यक है। उन्होंने समय-समय पर इनका प्रयोग करने के निर्देश दिए हैं।
