
22 दिन तक बंदी बनाकर नाबालिग से दुराचार
सोलन। नाबालिग को कमरे में बंदी बनाकर 22 दिनों तक दुराचार किया जाता रहा। इस घटना को अंजाम सलोगड़ा क्षेत्र के 19 वर्षीय युवक ने अंजाम दिया। परिजनों की शिकायत पर पुलिस ने सर्च के दौरान नाबालिग को हरड़ गांव से बरामद किया है। मेडिकल में बलात्कार की पुष्टि होने के बाद पुलिस ने भादसं की धारा 376 के तहत मुकदमा कायम किया है।
पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक 06 दिसंबर को परिजनों ने नाबालिग के गुम होने की शिकायत सदर थाना में की थी। शिकायत के आधार पर अपहरण का मुकदमा दर्ज किया गया और नाबालिग की तलाश शुरू हुई। करीब 22 दिनों तक चले तलाश अभियान में पुलिस को रविवार सफलता मिली। पुलिस टीम ने नाबालिग को हरठ गांव में बरामद किया। इसी दौरान आरोपी युवक राजकुमार निवासी सलोगड़ा को भी पकड़ा।
दोनों से पूछताछ के बाद पीड़िता का मेडिकल सोलन अस्पताल में करवाया गया है। मेडिकल में बलात्कार की पुष्टि हुई। रिपोर्ट के आधार पर पुलिस ने अपहरण के मामले के साथ बलात्कार का मुकदमा कायम करके छानबीन शुरू कर दी है। पुलिस के मुताबिक नाबालिग की उम्र करीब 17 साल है। उधर, मुकदमा कायम होने की पुष्टि एएसपी पदम सिंह चौहान ने की है। उन्होंने बताया कि नाबालिग को प्रेम प्रसंग में फंसाकर युवक ने नाबालिग को हरठ गांव में छिपाए रखा। पुलिस ने नाबालिग को वहीं से बरामद किया है। मेडिकल में बलात्कार की पुष्टि हुई। युवक पर 376 के तहत मुकदमा कायम करके छानबीन शुरू कर दी है।
