
पंचायत स्तर पर लगेंगे योग शिविर
नालागढ़ (सोलन)। भारत स्वाभिमान एवं पतंजलि योग पीठ के केंद्रीय प्रभारी लक्ष्मी दत्त शर्मा ने कहा कि संगठन निर्माण का जो कार्य एक वर्ष से चला हुआ है, उसे अंतिम रूप 20 फरवरी तक दे दिया जाएगा, जिसमें प्रत्येक पंचायत स्तर पर योग शिविर लगाए जाएंगे और जनता को स्वदेशी, आयुर्वेद व नशा निवारण के लिए जागरूक किया जाएगा। वे सोमवार को भारत स्वाभिमान एवं पतंजलि योग पीठ जिला सोलन की नालागढ़ के लोनिवि विश्राम गृह में आयोजित बैठक को संबोधित कर रही थीं।
उन्होंने कहा कि प्रखंड पंचायत स्तर तक भारत स्वाभिमान की इकाइयों का गठन करना, पदाधिकारियों को प्रशिक्षण देना, संगठन संबंधी कार्यों की जानकारी देने का कार्य 23 मार्च तक पूरा कर लिया जाएगा और इस दिन विश्व स्तरीय योग महोत्सव एवं शहीदी दिवस के मौके पर आयोजित होने वाला जिला स्तर पर होने वाली आयोजनों की योजना बनाना, शहीदी दिवस पर देश पर बलिदान देने वाले शहीदों के परिवारों को सम्मानित करना आदि शामिल होगा। पतंजलि योग समिति के माध्यम से क्विज प्रतियोगिता, भाषण प्रतियोगिता, देशभक्ति गीत प्रतियोगिता एवं योग, सूर्य नमस्कार आदि की प्रतियोगिताएं करवाई जाएगी और हर पंचायत से प्रतिभागियों की सहभागिता सुनिश्चित करने के लिए संगठन सक्रियता से काम करेगा। भ्रष्टाचार निवारण, काला धन वापसी, व्यवस्था परिवर्तन के लिए प्रत्येक पंचायत में जागरूकता अभियान चलाना, इन उद्देश्यों की पूर्ति के लिए प्रत्येक जिला व तहसील में पदाधिकारियों की बैठकों का आयोजन करने की योजना बनाई जाएगी। बैठक में सोलन सिरमौर के प्रभारी एसआर डोगरा, किसान पंचायत प्रकोष्ठ के जिला प्रभारी श्याम लाल नेगी, तहसील प्रभारी संतराम धीमान, देवेंद्र कुमार, राजेंद्र पाल, सह प्रभारी आरडी शर्मा, देवेंद्र नेगी, गुरमीत सिंह, मंदीप कुमार, सूबेदार रिखी राम, डॉ. भूपेंद्र, यशपाल, मान सिंह, राजकुमार, रामगोपाल और सुभाष आदि मौजूद रहे।
