
काईस (कुल्लू)। सरकार के निर्माण कार्यों में ढील बरतने पर लोक निर्माण विभाग ने ठेकेदारों पर शिकंजा कर दिया है। तय अवधि में निर्माण कार्य न निपटाने पर विभाग ने ठेकेदारों को नोटिस जारी कर जुर्माना ठोंका है। विभाग ने कुल्लू डिविजन के 12 ठेकेदारों को निर्माण कार्य की कुल लागत का एक से पांच फीसदी तक जुर्माना लगाया है। साथ ही करीब एक दर्जन ठेकेदारों को नोटिस जारी किए हैं।
विभाग की इस सख्ती से सरकारी काम लेकर अपनी मनमर्जी करने वाले ठेकेदारों की मुश्किलें बढ़ गई हैं। ठेकेदारों की वजह से जिले में कई सड़कों के कार्य ठप पड़े हैं। लोक निर्माण विभाग ने ऐसे कार्यों की लिस्ट तैयार कर अब कार्रवाई शुरू कर दी है। जुर्माने के साथ ठेकेदारों को हिदायत दी है कि अब भी कार्यों में सुधार नहीं आया तो इन ठेकेदारों से काम छिनकर किसी दूसरे ठेकेदारों को आवंटित कर दिया जाएगा।
कुल्लू डिविजन के अधिशासी अभियंता जीसी गुप्ता ने कहा कि करीब 12 ठेकेदारों को जुर्माना ठोंका है। एक दर्जन ठेकेदारों को नोटिस जारी किए हैं। नोटिस में कार्य में तेजी लाने की हिदायत दी है। इस पर भी अमल नहीं किया गया तो फिर सख्त कार्रवाई होगी। भुंतर डिविजन के अधिशासी अभियंता विनोद आनंद ने बताया कि करीब एक दर्जन ठेकेदारों को नोटिस भेजने की विभाग तैयारी कर रहा है।
