1005 लोगों के खिलाफ चालान पेश

काईस (कुल्लू)। वन महकमे की दस बीघा से अधिक जमीन पर कब्जा जमाए बैठे लोगों पर कानून का शिकंजा कस चुका है। पुलिस ने जिला कुल्लू में इस तरह के मामलों को खंगालने के बाद 1005 लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की थी। पुलिस ने अब इन सभी 1005 लोगों के खिलाफ कोर्ट में चालान भी पेश कर दिया है। अवैध कब्जों को लेकर सबसे अधिक मामले बंजार क्षेत्र के बताए जा रहे हैं।
वन भूमि पर कब्जा जमाए बैठे लोगों पर वन और पुलिस विभाग ने संयुक्त रूप से कड़ी कार्रवाई अमल में लाई है। कार्रवाई में पुलिस ने कई बीघा वन भूमि पर सेब के पेड़ों को भी उखाड़ा है। इसके तहत पुलिस अब 208 मामलों में सेप्लीमेंटरी चालान पेश करने की तैयारी में है। वन विभाग और पुलिस के सख्त रुख के चलते अवैध कब्जाधारियों में हड़कंप मचा हुआ है। एएसपी रविंद्र सिंह जंबाल ने बताया कि 1005 मामलों में कोर्ट में चालान पेश किए हैं। 208 मामलों में सेप्लीमेंटरी चालान कोर्ट में पेश किए जा रहे हैं। दो मामलों में अभी निशानदेही नहीं हुई है। इसकी प्रक्रिया विभाग ने शुरू कर रखी है। जल्द ही इन मामलों में भी चालान पेश कर दिए जाएंगे।

कुछ खुद ही फंस गए
कुल्लू। वन महकमे की जमीन पर अवैध कब्जों को लेकर चल रही कार्रवाई में कुछ लोग खुद ही फंस गए। दरअसल कुछ लोगों ने अवैध कब्जों को नियमित करने के लिए आवेदन कर रखे थे। विभाग ने जब इन मामलों को खंगाला तो इन लोगों के पास भी दस बीघा से अधिक जमीन पर कब्जे पाए गए। डीएफओ अनिल शर्मा ने बताया कि ऐसे लोगों के खिलाफ भी कार्रवाई की जा रही है। इसके अलावा 500 केस डीएफओ कोर्ट में चल रहे हैं।

इस तरह चली थी कार्रवाई
कुल्लू। जिला कुल्लू में अवैध कब्जों की शिकायतें के बाद वन विभाग ने पुलिस महकमे के साथ मिलकर निशानदेही करवाकर अवैध कब्जे चिन्हित किए थे। यही नहीं इस कार्रवाई के दौरान कुछ कब्जों को तो मौके पर ही विभाग ने पुलिस की मदद से उखाड़ भी फेंका था। कई क्षेत्रों में तो वन महकमे की जमीन पर कुछ लोगों ने सेब के बगीचे तक खड़े कर डाले थे। विभाग ने इन बगीचों को भी साफ करवा दिया है। इनमें से एक हजार पांच मामलों को लेकर बाद में कोर्ट में चालान पेश किया है।

Related posts