10 डिग्री तक गिरा पारा

सोलन। जिला सोलन के पहाड़ी इलाकों में बारिश की बूंदे राहत बनकर गिरीं। बारिश के बाद चिलचिलाती गर्मी से लोगों ने राहत की सांस ली है। करीब 10 डिग्री तक अधिकतम तापमान में गिरावट दर्ज की गई है। सुबह दस से दोपहर दो बजे तक रुक-रुक कर बारिश होती रही। सोलन, कसौली और चायल में गर्मी से राहत मिली। नालागढ़ में दो घंटे तक मेघ बरसे।
दूसरी ओर जिले के मैदानी इलाकों बद्दी और बरोटीवाला में चंद मिनट की बारिश ने आद्रता को बढ़ा दिया। सुबह करीब दस बजे चंद मिनटों के लिए बादल गरजे और बारिश की बौछारें हुईं। उसके बाद बादल लोगों को मायूस करके गायब हो गए।
लोगों का कहना है कि गर्मी के साथ-साथ आद्रता भी बढ़ गई है। कृषि विभाग इस बारिश को किसानों के लिए संजीवनी मान रहा है। सोलन में मक्की की बिजाई होनी है। कृषि विशेषज्ञों का कहना है कि बुआई से पहले यह बारिश पहाड़ी इलाके के किसानों के लिए काफी फायदेमंद है लेकिन मैदानी इलाकों में यह बारिश नाकाफी है। सोलन में दोपहर दो बजे के बाद बादल छंट गए और दोपहर होते-होते धूप की तपिश तेज हो गई।

सोमवार को हुई बारिश से जिला सोलन में औसतन 10 डिग्री तक अधिकतम तापमान गिरा है। यहां करीब 10 एमएम बारिश दर्ज की गई है। नौणी विवि के मौसम विभाग के अध्यक्ष सतीश भारद्वाज ने कहा कि सोमवार को बारिश से औसतन दस डिग्री तापमान में गिरावट दर्ज की है। रविवार को सोलन में अधिकतम तापमान 36.14 डिग्री दर्ज किया गया था। सोमवार को बारिश के बाद 27 डिग्री तक अधिकतम तापमान रिकार्ड किया गया। मक्की की पैदावार के लिए बारिश कम है।

बारिश — 10 एमएम
रविवार सोमवार
सोलन 36.14 27.00
बद्दी 46.44 38.13
नालागढ़ 44.00 35.00
अधिकतम तापमान

Related posts