ट्रक आपरेटरों ने अर्की में किया प्रदर्शन

अर्की (सोलन )। 12 टायरी और एक साथ करीब 24 टन माल उठाने वाले मल्टी एक्सल ट्रकों को माल ढुलाई बेड़े में शामिल करने का ट्रक आपरेटरों ने विरोध किया है। ट्रक आपरेटरों ने सोमवार को अर्की में विरोध प्रदर्शन किया।
अर्की स्थित उपमंडलाधिकारी नागरिक को सौंपे ज्ञापन में आपरेटरों ने बिना अनुमति खरीदी गई गाड़ियों को कार्य आवंटन पर पूर्ण प्रतिबंध लगाने की मांग की है। यह जानकारी ट्रक आपरेटर अर्की इकाई सदस्य सुरेंद्र वर्मा ने दी। उन्होंने आरोप लगाया कि मांगल लैंड लूजर एवं प्रभावित परिवहन सभा बागा सीमेंट उद्योग से माल ढुलाई कार्य पर लगी हुई हैं।
माल ढुलाई मेें हिस्से को लेकर पहले से ही विवाद चल रहा है लेकिन सभा प्रशासक पूर्व अनुमति के बिना ही मल्टी एक्सल गाड़ियां खरीद कर चुके हैं। कंपनी से माल ढुलाई की फिराक में हैं। एक साथ करीब 24 टन माल बड़े ट्रक उठा लेते हैं। छोटे ट्रकों में नौ टन माल आता है। ऐसे में उनके कारोबार पर फर्क पड़ रहा है। जो काम 3 फेरे में होना होता है, वह काम बड़े ट्रक एक ही फेरे में कर जाते हैं। इसे सहन नहीं किया जाएगा।
ट्रक आपरेटरों ने ऐसी किसी भी गाड़ी को काम देने का विरोध करते हुए कहा कि समस्या का हल निकालने के लिए प्रशासन से कार्रवाई की मांग की है। इस दौरान सुरेंद्र वर्मा, राजेश ठाकुर, एचएल महाजन, गौरव ठाकुर, रवि पाठक, संजय कुमार, दलीप सिंह, राजेंद्र कुमार, बली राम आदि उपस्थित रहे।

Related posts