होटलों में 65 फीसदी तक पहुंची आक्यूपेंसी

शिमला। हिल्सक्वीन में बर्फबारी के बाद सैलानियों का जमावड़ा लगना शुरू हो गया है। राजधानी के होटलों में आक्यूपेंसी बढ़कर 65 फीसदी तक पहुंच गई है। पंजाब व दिल्ली सहित देशभर से सैलानी शिमला पहुंच रहे हैं।
पिछले हफ्ते होटलों में 30 से 35 फीसदी तक आक्यूपेंसी थी। बर्फ देखने के लिए मैदानी इलाकों से पर्यटकों का हुजूम राजधानी शिमला में उमड़ रहा है। शिमला पहुंचने वाले सैलानियों में अधिक संख्या पंजाब व दिल्ली के लोगों की है। बर्फ का दीदार करने के इच्छुक मनाली जाने के बदले शिमला आने को तरजीह दे रहे हैं। मैदानी इलाकों से मनाली के मुकाबले शिमला नजदीक होने के कारण यहां सैलानियों की संख्या में इजाफा हुआ है। शिमला पहुंचने वाले सैलानियों में नव विवाहित जोड़ों की संख्या अधिक है।

बर्फबारी के बाद सैलानियों ने शिमला का रुख करना शुरू कर दिया है। एडवांस बुकिंग में इजाफा हुआ है। आने वाले दिनों में शहर में सैलानियों की संख्या में भारी इजाफा होने की उम्मीद है।
– सुरेंद्र जस्टा
जिला पर्यटन अधिकारी

बर्फबारी के बाद शिमला में सैलानी बढ़े हैं। होटलों में आक्यूपेंसी बढ़कर 60 से 65 फीसदी तक हो गई है। अगले कुछ हफ्तों में शिमला में पर्यटकों के बढ़ने की उम्मीद है।
हरनाम सिंह कुकरेजा
अध्यक्ष, होटलियर एसोसिएशन

Related posts