
चंबा(गीता)पेपर मूल्यांकन केंद्र चंबा के हिमाचल राजकीय अध्यापक संघ ने काले बिल्ले लगाकर विरोध-प्रदर्शन किया और मांगें न माने जाने पर पेपर चेक करने का बहिष्कार किया। अध्यापकों का कहना है कि स्कूल शिक्षा बोर्ड फरवरी, 2014 में हुई गोष्ठी में किए गए वादे को भूल गया है। इसके चलते वह अपने वादों पर खरा नहीं उतरा है। हिमाचल राजकीय अध्यापक संघ के राज्य वरिष्ठ उप प्रधान सूरज महाजन ने बताया कि संघ ने अपनी जायज मांग को पूरा करने के लिए बोर्ड को दो अप्रैल, 2014 का समय दिया था। बोर्ड ने इस मामले में कोई हस्तक्षेप नहीं किया है। उन्होंने बताया कि इस बात से नाराज होकर शिक्षकों ने पूरे प्रदेश सहित चंबा में पेपर मूल्यांकन केंद्र का बहिष्कार किया है। उन्होंने कहा कि जब तक उनकी मांग पूरी नहीं होती, प्रदर्शन जारी रहेगा। साथ ही बताया कि शिक्षा बोर्ड ने बीते दिनों हुई वार्ता में मांग को पूरा करने का आश्वासन भी दिया था। चंबा खंड के प्रधान एनआर शर्मा ने बताया कि अध्यापक संघ शिक्षा बोर्ड से पेपर चेकिंग का मानदेय बढ़ाने की मांग लंबे अरसे से कर रहा है। संघ की मांग है कि बोर्ड भी सीबीएसई की तर्ज पर मानेदय प्रदान करे। इस दौरान खंड चंबा के प्रधान एनआर शर्मा, खंड बनीखेत के प्रधान राजेश प्रसाद, राज्य कार्यकारिणी सदस्य सुदर्शन, हेम सिंह, नीरू, रमेश चंद, भिंद्र, श्याम लाल, बबीता, राज कुमारी, लहर सिंह, शोकत अली, अमर कुमार, अनूप कुमार, जगमोहन, कुलदीप अरोड़ा, अरूणा मेहरा, मनोज कुमार, अमर चंद, पूजा शर्मा, शशि कुमार व अध्यापक संघ के राज्य सहसचिव तिलक सिंह उपस्थित रहे और पेपर चेकिंग के कार्य का पूर्ण रूप से बहिष्कार किया।
