हिमाचल भाजपा कोर ग्रुप की बैठक, एक-एक सीट पर होगी मंत्रणा

हिमाचल भाजपा कोर ग्रुप की बैठक, एक-एक सीट पर होगी मंत्रणा

शिमला
हिमाचल प्रदेश भाजपा अपने कोर ग्रुप की बैठक में एक-एक सीट पर मंत्रणा करेगी कि कहां मजबूत है और कहां कमजोर है। संभावित प्रत्याशियों को लक्षित कर चुनाव प्रचार की रणनीति बनाई जाएगी। कोर ग्रुप की बैठक में भाजपा आज तमाम मुद्दों पर रणनीति बनाएगी। पिछले दिनों भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा ने भी प्रदेश भाजपा के नेताओं को चुनाव प्रचार के बारे में कुछ टिप्स दिए हैं। इन पर विचार-मंथन होगा। प्रदेश भाजपा कोर ग्रुप की बैठक राज्य अतिथि गृह पीटरहॉफ शिमला में हो रही है।

यह प्रदेशाध्यक्ष सुरेश कश्यप की अध्यक्षता में हो रही बैठक में मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर, पूर्व मुख्यमंत्री प्रेमकुमार धूमल, प्रदेश चुनाव प्रबंधन समिति के अध्यक्ष डॉ. राजीव बिंदल और अन्य पदाधिकारी भाग ले रहे हैं। विधानसभा चुनाव के लिए महज दो महीने ही बचे हैं। उससे पहले प्रदेश भाजपा पूरी तरह से पूरे दमखम से चुनावी मोड में आ गई है। इसी क्रम में फटाफट पार्टी के कोर ग्रुप की बैठकें बुलाई जा रही हैं। अगस्त में कोर ग्रुप की यह दूसरी बैठक हो रही है।

बैठक में भाग लेने के लिए पूर्व मुख्यमंत्री प्रेमकुमार धूमल बुधवार को शिमला पहुंच गए थे। हालांकि, केंद्रीय सूचना एवं प्रसारण मंत्री अनुराग ठाकुर और पूर्व सीएम शांता कुमार बैठक में नहीं आएंगे। अनुराग ठाकुर व्यस्त हैं तो शांता कुमार अस्वस्थ होने के बाद पिछले कुछ दिनों से घर पर ही स्वास्थ्य लाभ ले रहे हैं।

चुनाव संचालन और प्रबंधन समिति के सदस्यों पर लग सकती है मुहर
बैठक में प्रदेश भाजपा की चुनाव संचालन समिति और चुनाव प्रबंधन समिति के सदस्यों पर मुहर लग सकती है कि किन-किन को इन समितियों में शामिल करना है। चुनाव संचालन समिति के अध्यक्ष मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर हैं तो चुनाव प्रबंधन समिति के अध्यक्ष डॉ. राजीव बिंदल बनाए गए हैं

शिमला पहुंचे भाजपा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष सौदान सिंह
भाजपा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष सौदान सिंह भाजपा मुख्यालय दीपकमल चक्कर पहुंचे। भाजपा प्रदेशाध्यक्ष सुरेश कश्यप, उपाध्यक्ष पायल वैद्य और प्रदेश महामंत्री त्रिलोक जम्वाल ने उनका स्वागत किया। पार्टी कार्यालय में एक अनौपचारिक बैठक हुई, जिसमें विभिन्न मुद्दों पर चर्चा की गई। सौदान सिंह ने प्रदेश भाजपा संगठन की पिछले दिनों की विभिन्न गतिविधियों पर मंत्रणा की।

Related posts