हरोली में भिड़े कांग्रेसी-भाजपाई

ऊना। हरोली में रविवार को कांग्रेस और भाजपा कार्यकर्ता भिड़ गए। दोनों ओर से हरोली पुलिस थाना में शिकायतें आई हैं। पुलिस ने दोनों ओर से मिले शिकायत पत्रों पर जांच बिठा दी है। भाजपा ने आरोप लगाया है कि युकां तथा कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने मोबाइल वैन में लगे बैनरों को फाड़ डाला। मोबाइल वैन के चालक तथा उसमें सवार कार्यकर्ताओं से भी दुर्व्यवहार हुआ।
दूसरी ओर कांग्रेस ने शिकायत में कहा है कि हरोली में कांग्रेस की सभा चल रही थी। वहां पर मोबाइल वैन में सवार कुछ कार्यकर्ता शोर मचाने लगे। जब उन्हें चुपचाप वहां से चले जाने को कहा तो उन्होंने लाउड स्पीकर की साउंड और बढ़ा दिया। जिससे कांग्रेस की सभा में खलल पैदा हुआ। आरोप है कि मोबाइल वैन में सवार भाजपा कार्यकर्ताओं ने कांग्रेस कार्यकर्ताओं से दुर्व्यवहार भी किया।
इससे पहले दोपहर बाद जब सलोह में जनसभा को संबोधित करने के बाद धूमल का काफिला हरोली पहुंचा तो हरोली में कांग्रेस की चुनावी जनसभा चल रही थी। उस समय विक्रमादित्य सभा को संबोधित कर रहे थे। चौराहे पर जाम के कारण धूमल का काफिला कुछ देर के लिए रुका। आगे चल रहे बाइकर फिर से नारेबाजी करने लगे। इस दौरान कांग्रेस की सभा से भी कुछ युवा कार्यकर्ता चौराहे की तरफ बढ़ने लगे। ऐसे में वहां पर दोनों पार्टियों के कार्यकर्ताओं में टकराव की स्थिति पैदा हो गई। तभी दोनों पार्टियों के वरिष्ठ नेताओं ने बीच-बचाव से मामला शांत करवाया। एसपी अनुपम शर्मा ने दोनों ओर से शिकायत पत्र मिलने की पुष्टि की है। उन्होंने कहा कि पूरे प्रकरण पर जांच बिठा दी गई है। दोनों ओर से शिकायत दर्ज कराने वालों से पूछताछ होगी। कुछ अन्य लोगों से भी पुलिस पूछताछ करेगी।

Related posts