
बंगाणा (ऊना)। बंगाणा के हरीनगर में मंगलवार शाम बस हादसे के चालक को आखिरकार पुलिस ने 24 घंटे के अंदर गिरफ्तार कर लिया है। इस बस हादसे में एक दो वर्षीय बच्ची की मौके पर ही मौत हो गई थी। जबकि 23 यात्री बुरी तरह से घायल हुए थे। दस यात्रियों में केसरी देवी, राम प्यारी, केसर सिंह, कृष्णा देवी, देवो देवी, कमला देवी, सुरेश कुमार, तरसेम लाल, दलजीत तथा महेंद्र सिंह को सीएचसी बंगाणा में प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल ऊना रेफर कर दिया गया था। इनमें से तरसेम लाल की हालत ठीक होने से उसे घर भेज दिया। जबकि महेंद्र सिंह की नाजुक हालत के चलते पीजीआई चंडीगढ़ रेफर कर दिया गया है। सीएचसी बंगाणा के डा. महेंद्र कुमार ने बताया कि हादसे में 13 यात्रियों को मामूली चोटें आई थीं। जिनको प्राथमिक उपचार के बाद घर भेज दिया गया है। थाना प्रभारी महेंद्र सिंह परमार ने बताया कि बस चालक राज कुमार उर्फ विक्की को गिरफ्तार कर लिया है। उसके खिलाफ 279, 337, 338, 304ए आईपीसी के तहत मामला दर्ज कर घटना के कारणों की तफ्तीश शुरू कर दी गई है।
