
चंपावत। अनिवार्य पदोन्नति सहित कई मांगों को लेकर विभिन्न विभागों के फील्ड कर्मियों की हड़ताल शुरू हो गई है। राज्य कर्मचारी संयुक्त परिषद के आह्वान पर कर्मियों ने कलेक्ट्रेट परिसर में प्रदर्शन किया। फील्ड कर्मियों की हड़ताल से कामकाज प्रभावित हुआ है। कर्मियों ने मांगों को पूरा करने के बाद ही वापस काम पर आने का ऐलान किया है।
कर्मचारी संयुक्त परिषद के जिला महामंत्री भूपेंद्र जोशी की अध्यक्षता और विकास भवन कर्मचारी एसोसिएशन के जिलाध्यक्ष एमएस जीना के संचालन में हुई सभा में वक्ताओं ने कहा कि सरकार कर्मियों की वाजिब मांगों की भी उपेक्षा कर रही है। ग्राम विकास अधिकारी संगठन के अध्यक्ष पूरन सिंह रावत, ग्राम पंचायत विकास अधिकारी संघ के अध्यक्ष उमेद राम, फील्ड कर्मचारी संगठन के जिलाध्यक्ष हरीश गहतोड़ी, तकनीकी उद्यान एसोसिएशन के जिला मंत्री जगत चंद रजवार, सहकारिता विभाग एसोसिएशन के संरक्षक भगवन सिंह, जगदीश जोशी, डीएस नयाल आदि ने कहा कि मांगों पर सहमति होने के बाद ही आंदोलन वापस होगा। 16 अक्तूबर से जिलेभर के कर्मी हड़ताल पर चले जाएंगे। 17 से फील्ड कर्मी यहां मुख्यालय में सभा के बाद अग्रिम रणनीति तय करेंगे। हड़ताल में विभिन्न विभागों के फील्ड कर्मी शामिल थे।
