बाइक नाले में गिरी, एक की मौत, दूसरा घायल

रुद्रपुर। वाहन को बचाने के प्रयास में बाइक अनियंत्रित होकर नाले में जा गिरी। जिससे बाइक चालक की मौत हो गई। उसका साथ गंभीर रूप से घायल हो गया। मौत की सूचना पर परिजनों में कोहराम मच गया।
भूतबंगला, वार्ड नंबर छह निवासी 26 वर्षीय विनोद कुमार और 46 वर्षीय परमात्मा सिडकुल स्थित एक फैक्ट्री में काम करते थे। सोमवार रात दोनों बाइक पर सवार होकर डयूटी से घर लौट रहे थे। तभी फुलसुंगी रोड पर सामने से आ रहे वाहन को बचाने के प्रयास में बाइक सड़क किनारे नाले में गिर गई। मौके से गुजर रहे लोगों ने मामले की सूचना पुलिस को दी। पुलिस ने दोनों को नाले से बाहर निकालकर जिला अस्पताल पहुंचाया। वहां चिकित्सकों ने विनोद को मृत घोषित कर दिया। परमात्मा की हालत गंभीर बताई जा रही है। मृतक के परिजनों का रोते-रोते बुरा हाल है। बताया गया कि मृतक पांच भाईयों में तीसरा था और करीब तीन वर्ष से फैक्ट्री में कार्य कर रहा था। परिजनों ने बताया कि मृतक की शाहबाद (रामपुर) से रिश्ते की बात चल रही थी।

Related posts