स्वामी विवेकानंद के बताए मार्ग पर चलें

नेरचौक/सरकाघाट/ मंडी। स्वामी विवेकानंद की 150वीं जयंती जिला मंडी में धूमधाम से मनाई गई। जगह-जगह शोभायात्रा निकाल कर विवेकानंद को याद कर उनके बताए मार्ग पर चलने का आह्वान किया गया।
स्वामी विवेकानंद सार्धसती समिति के सहयोग से भारती पब्लिक स्कूल नलसर के बच्चों ने धूमधाम से शोभा यात्रा निकाली। इस अवसर पर समिति के संयोजक सूरज सिंह ने स्कूली बच्चों को स्वामी विवेकानंद का संदेश देते हुए बताया कि यह वर्ष विवेकानंद की जयंती के उपलक्ष्य पर सार्ध सती समारोह के रूप में मनाया जा रहा है। इसके तहत पूरे वर्ष कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
उधर, सरकाघाट में भी स्वामी विवेकानंद सार्धसती समिति की ओर से शोभा यात्रा निकाली गई। इसमें विभिन्न संगठनों के कार्यकर्ताओं ने भाग लिया। शोभा यात्रा से पहले सरस्वती विद्या मंदिर में प्रांत आयोजन समिति के युवा प्रभारी जगवीर चंदेल ने स्वामी विवेकानंद के विचारों से लोगों को अवगत करवाया। इस मौके पर नगर पंचायत अध्यक्ष निशा ठाकुर, समिति के संयोजक प्रेम कुमारी आदि मौजूद थे।

Related posts