
चंबा। बारिश के कारण क्षतिग्रस्त हुए स्कूलों की मरम्मत व निर्माणा के लिए शिक्षा विभाग की ओर से बजट मुहैया करवाया जाएगा। इसके लिए शिक्षा विभाग ने जिला भर के स्कूलों से नुकसान का आंकलन करवाकर इसकी रिपोर्ट शिक्षा विभाग को भेजने के निर्देश जारी किए हैं। प्राप्त जानकारी के मुताबिक हाल ही में हुई बारिश के कारण जिला के दर्जनों स्कूलों को नुकसान हुआ है। बारिश के कारण जहां कई स्कूलों के खेल के मैदान की चाहरदीवारी गिर गई है, वहीं कई स्कूलों के आगे लगे डंगे गिरने की सूचना भी मिली है। यही नहीं, कई स्कूलों के पास भूस्खलन होने के कारण इसके भवनों को खतरा हो गया है। शिक्षा विभाग ने ऐसे स्कूलों से नुकसान का आंकलन करवाकर रिपोर्ट शिक्षा उपनिदेशक कार्यालय प्रेषित करने के निर्देश जारी किए हैं। प्रारंभिक शिक्षा उपनिदेशक सुशील कुमार पुंडीर ने बताया कि बारिश के कारण जिन स्कूलों को नुकसान हुआ है, उनकी रिपेयर के लिए शिक्षा विभाग बजट मुहैया करवाएगा। इसके लिए उन्होंने जिला भर के स्कूल मुखिया व बीपीओ, बीईओ को निर्देश जारी किए हैं कि पटवारी से नुकसान का आंकलन करवाएं। इसके बाद नुकसान की रिपोर्ट शिक्षा विभाग को प्रेषित करें। उन्होंने कहा कि रिपोर्ट मिलने के बाद रिपेयर के लिए उचित बजट का प्रावधान किया जाएगा।
