
पुखरी (चंबा)। राजकीय हाई स्कूल महुआ में मुख्याध्यापक समेत करीब आधा दर्जन शिक्षक व गैर शिक्षकों के पद खाली पड़े हुए हैं। स्टाफ की कमी होने के कारण स्कूल में शिक्षा ग्रहण कर रहे लगभग 180 छात्र-छात्राओं का भविष्य अंधकारमय हो गया है। प्राप्त जानकारी के मुताबिक महुआ स्कूल में मुख्याध्यापक, टीजीटी मेडिकल, टीजीटी आर्ट्स, क्लर्क और लैब अस्टिेंट के पद खाली हैं। यह पद चार और पांच सालों से खाली चल रहे हैं। स्कूल में क्लर्क न होेने के कारण क्लर्क का सारा काम अध्यापकों को करना पड़ रहा है। इससे बच्चों की पढ़ाई प्रभावित हो रही है। स्कूल में चल रही अध्यापकों की कमी को लेकर लगभग एक साल पहले स्कूल प्रबंधन समिति व स्कूल के बच्चे उपायुक्त से मिले थे और रिक्त पदों को भरने की मांग की थी, लेकिन आज तक कोई कार्रवाई अमल में नहीं लाई गई। स्कूल प्रबंधन समिति के अध्यक्ष हंस राज, ग्राम पंचायत कंदला प्रधान नीतू कुमारी, पूर्व प्रधान उषा रावत, विनोद कुमार, मदन कुमार, किशोरी लाल, भगवान दास, यशपाल, सुभाष कुमार, भगत सिंह, नंद लाल, नरेंद्र कुमार, महिंद्र कुमार, बिट्टू राम, चमारू राम, काकू राम, लोचू राम और दीनू कुमार ने शिक्षा विभाग व प्रदेश सरकार से मांग की है कि स्कूल में रिक्त पड़े पदों को जल्द भरा जाए।
