सो रहे परिवार को जलाने की कोशिश

गगरेट (ऊना)। गगरेट के निकटवर्ती गांव अंबोटा में शनिवार देर रात अज्ञात लोगों ने एक परिवार को गहरी नींद में सोते वक्त जलाने का प्रयास किया। शातिरों ने घर के बाहर लगाई बाड़ पर केरोसिन डाल आग लगा दी। इसी समय परिवार के मुखिया के जाग जाने से समय पर आग पर काबू पा लिया गया। परिजनों ने भी आग बुझाने में मदद की। उन्होंने अपने ही गांव के एक व्यक्ति पर इस वारदात को अंजाम देने का संदेह जताया है।
पुलिस से प्राप्त जानकारी के मुताबिक अंबोटा स्थित डीएवी स्कूल के समीप रहने वाले देवी सिंह पुत्र प्रभुराम के घर के बाहर लगाई बाड़ पर मिट्टी का तेल डालकर आग लगा दी गई। इसी दौरान देवी सिंह की नींद खुल जाने पर उन्होंने पूरे परिवार को जगाया। सभी ने मिलकर आग को बुझा दिया। अन्यथा आग घर को भी जला सकती थी, जबकि घटना में जान-माल का भी व्यापक नुकसान हो सकता था। वारदात के बाद पंचायत सदस्याें ने भी घटना का दौरा किया। देवी सिंह ने गांव के ही किसी व्यक्ति पर शक जाहिर किया है। देवी सिंह ने इसकी शिकायत पुलिस थाना गगरेट में कर दी है। मामले की पुष्टि करते हुए गगरेट थाना प्रभारी दीवान चंद शर्मा ने बताया कि घटना की छानबीन की जा रही है। आरोपी को जल्द दबोच लिया जाएगा।

Related posts