
तीसा (चंबा)। ग्राम पंचायत सेईकोठी के पांच गांवों में पिछले करीब दो माह से बिजली नहीं है। इस कारण करीब 55 परिवारों को अंधेरे में रातें काटनी पड़ रही हैं। हलोगा में लगा बिजली बोर्ड का ट्रांसफार्मर करीब दो माह पहले जल गया है। हैरत की बात है कि इतना समय बीतने के बाद भी बिजली बोर्ड द्वारा यहां पर न तो नया ट्रांसफार्मर स्थापित किया गया और न ही इस ट्रांसफार्मर को ठीक कर बिजली की आपूर्ति बहाल की गई। ऐसे में ग्रामीणों में बिजली बोर्ड के प्रति काफी रोष है। ट्रांसफार्मर जलने से इस पंचायत के लुईंडा, हलोगा, गुआड़ी, गुल्ली और मैसा गांवों में बिजली की आपूर्ति ठप हो गई है। इस कारण लगभग 600 की आबादी प्रभावित हो रही है। स्थानीय निवासी तेज सिंह, चमन लाल, किशोरी लाल, प्यार चंद, चमन सिंह, अजय कुमार, चैन सिंह, दिनेश, रूप लाल, हेम राज और अशोक ने बताया कि बिजली न होेने के कारण टीवी, फ्रिज सहित अन्य विद्युत उपकरण बंद पड़े हुए हैं। इसके अलावा उनके मोबाइल भी शोपीस बनकर रहे गए हैं। चार्जिंग न होने के कारण लोग जरूरी बात भी नहीं कर पा रहे हैं। इसके अलावा स्कू ली बच्चों को पढ़ाई पर विपरीत असर पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि कई बार बिजली बोर्ड को विद्युत आपूर्ति बहाल करने को कहा गया, लेकिन कोई सुनवाई नहीं हुई। उन्होंने बिजली बोर्ड से समस्या का समाधान करने की गुहार लगाई है। उधर, बिजली बोर्ड के सहायक अभियंता बाल कृष्ण डोगरा ने बताया कि नया ट्रांसफार्मर मंगाया है। जल्द बिजली की आपूर्ति बहाल कर दी जाएगी।
