
सुलतानपुर (चंबा)। ग्राम पंचायत द्रमण में पशु औषधालय एक वर्ष से बंद पड़ा हुआ है। फार्मासिस्ट का पद रिक्त होने के कारण औषधालय में ताला लटका हुआ है। मजबूरन लोगों को आठ किलोमीटर दूर स्थित चंबा में पशुओं को उपचार के लिए लाना पड़ रहा है। स्थानीय लोग इस मामले को कई विभाग के समक्ष उठा चुके हैं। इसके बाद भी पशु औषधालय में फार्मासिस्ट की तैनाती नहीं हो पाई है। पशु औषधालय में कोई कर्मचारी व फार्मासिस्ट न होने के कारण ग्रामीण काफी परेशान हैं। स्थानीय निवासियों देस राज शर्मा, सुधीर, जगदीश शर्मा, अमित शर्मा, कमल ठाकुर, अनिल कुमार, संजीव कुमार, सुभाष कुमार, राकेश कुमार, दीपक वर्मा, राकेश ठाकुर, मनोज टंडन ने बताया पशु औषधालय बंद होने के कारण काफी मुश्किलें पेश आ रही हैं। बीमार पशुओं को उपचार करवाने के लिए निजी वाहनों में जिला मुख्यालय ले जाना पड़ता है। इससे लोगों पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ पड़ रहा है। लोगों ने पशु पालन विभाग से मांग की है कि जल्द से जल्द पशु औषधालय में फार्मासिस्ट की तैनाती की जाए। भवन में ताला लटका होने के कारण भवन की हालत भी दयनीय हो रही है और भवन में रखा फर्नीचर खराब हो रहा है। उधर, पशु पालन विभाग उप निदेशक आरडी चौहान ने बताया कि यह मामला ध्यान में लाया गया है। इस संबंध में पूरी जानकारी हासिल करके उचित कार्रवाई अमल में लाई जाएगी और लोगों की समस्या का समाधान किया जाएगा।
