सुबह की पहली किरण के साथ दौड़ पड़ा धर्मशाला

धर्मशाला। अंतरराष्ट्रीय रेडक्रास दिवस पर रेडक्रास सोसाइटी की क्रॉस कंट्री में धर्मशाला खूब दौड़ा। शिक्षण संस्थानों और आम लोगों इसमें दौड़े। सुबह साढे़ छह बजे यह शुरू हुई। शुभारंभ एडीसी रोहन ठाकुर ने शहीद स्मारक में प्रतिभागियों को हरी झंडी दिखाकर किया। महिला वर्ग में हमीरपुर की कुमारी रीता ठाकुर ने 6 किलोमीटर की दूरी 26 मिनट 33 सेकेंड में तथा पुरुष वर्ग में अक्षय कुमार ने 9 किलोमीटर की दौड़ 38 मिनट 12 सेकेंड में तय करके प्रथम स्थान प्राप्त किया।
महिला वर्ग में स्वाति स्वरूप ने 27 मिनट 49 सेकेंड का समय लेकर दूसरा और नेहा ने 28 मिनट 40 सेकेंड में दौड़ तय कर तीसरा स्थान हासिल किया। पुरुष वर्ग में कुलदीप कुमार दूसरे तथा विजय भारद्वाज तीसरे स्थान पर रहे। सिंथेटिक ट्रैक पर उपायुक्त कांगड़ा सी पालरासु ने प्रतिभागियों को जिला रेडक्रॉस सोसाइटी की ओर से प्रमाण-पत्र एवं नकद पुरस्कार के रूप में क्रमश: 5000, 3000 और 2000 रुपये की राशि प्रदान की। इस अवसर पर अतिरिक्त उपायुक्त रोहन ठाकुर, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक मोहित चावला, एडीएम राकेश शर्मा, एसडीएम डा. हरीश, जिला युवा सेवाएं एवं खेल अधिकारी महेंद्र प्रताप भराड़िया मौजूद रहे। सी. पालरासु ने कहा कि रेडक्रॉस अंतरराष्ट्रीय ख्याति प्राप्त संस्था है। इसका मूल उद्देश्य पीड़ित मानवता की सेवा एवं सहायता करना है। उन्होंने विद्यार्थियों का आह्वान किया कि वर्तमान युग प्रतिस्पर्धा का है। उद्देश्य की पूर्ति के लिए अधिक परिश्रम करने की आवश्यकता है।

Related posts