ब्रजेश्वरी मंदिर को 91 लाख का बजट

कांगड़ा। शक्तिपीठ ब्रजेश्वरी देवी मंदिर के लिए आठ करोड़ 91 लाख 11 हजार 815 रुपये का बजट पारित हुआ है। मंदिर उपायुक्त तथा एसडीएम अजीत भारद्वाज की अध्यक्षता में नवगठित ट्रस्ट की पहली बैठक में सबसे पहले ट्रस्ट के सदस्यों को पद तथा गोपनीयता की शपथ दिलाई गई।
मंदिर अधिकारी पवन बडियाल ने बताया कि वर्ष 2013 के लिए पारित बजट में मंदिर के विकासात्मक कार्यों पर चर्चा की गई। मिशन रोड से मंदिर तक पहुंचने वाले मार्ग में वाहनों की पार्किंग के लिए उपयुक्त स्थल के चयन का प्रस्ताव रखा गया। इसके अलावा मंदिर के निर्माण कार्यों के लिए कमेटी का गठन किया गया। इसके अलावा लंगर व्यवस्था के लिए भी कमेटी गठित की गई।
ट्रस्ट ने मंदिर मार्ग पर टाइलें लगाने के लिए आईपीएच विभाग से प्राक्कलन तैयार करवाकर रास्ते का निर्माण करवाने का फैसला भी लिया। चर्चा रही कि लंबे रूट की बसों में कांगड़ा की जगह कांगड़ा मंदिर अंकित करने के लिए मंत्री से वार्ता की जाएगी। बैठक में डीएसी अशोक वर्मा, नप के ईओ केएल ठाकुर, एसएमओ डा. सतीश शर्मा के अलावा मंदिर ट्रस्ट के सदस्य पंडित वेद प्रकाश शर्मा, उमेश शर्मा, श्याम नारायण, त्रिलोक राज भट्ट, कर्म चंद, उत्तम चंद मेहरा, विपिन चौधरी, मुनीष कांसरा और छाया मनकोटिया भी मौजूद रहीं।

Related posts