
कुल्लू। कांग्रेस कमेटी कार्यालय कुल्लू में ब्लॉक कमेटी की मासिक बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता ब्लॉक अध्यक्ष उत्तम शर्मा ने की। बैठक में कुल्लू ब्लॉक कांग्रेस के प्रभारी प्रकाश करड और जिला अध्यक्ष बुद्धि सिंह ठाकुर विशेष रूप से उपस्थित रहे।
करड ने बैठक में कहा कि हिलोपा की ओर से कांग्रेस कमेटी के विकासात्मक कार्यों में अड़चन डालने को लेकर मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह से बात की जाएगी ताकि आने वाले समय में इस तरह की समस्या पेश न आए। उन्होंने कांग्रेस कार्यकर्ताओं से 2014 के लोकसभा चुनाव के मद्देनजर अभी से जुट जाने का आह्वान किया। करड ने कार्यकर्ताओं से कांग्रेस की नीतियों को आम लोगों तक पहुंचाने पर भी बल दिया। उन्होंने कहा कि प्रदेश में कांग्रेस सरकार के एक साल के कार्यकाल पर हमीरपुर में बड़ी जनसभा की जाएगी। इसमें मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह एक साल की उपलब्धियों का बखान करेंगे। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष के आदेशानुसार ब्लॉक तथा पंचायत स्तर पर 10 सदस्यों की कमेटी का गठन किया जाएगा, जिसका एक अध्यक्ष होगा। कमेटी अध्यक्षों की बैठक प्रदेश अध्यक्ष द्वारा शिमला में ली जाएगी। उत्तम शर्मा ने कहा कि कमेटी की अगली बैठक 10 जनवरी को जरी में होंगी।
