
नगरोटा बगवां (कांगड़ा)। पुलिस थाना नगरोटा बगवां के तहत सेराथाना निवासी ओम प्रकाश पर हमलावरों ने डंडे से हमला कर उसे घायल कर दिया है। शिकायत पर हमलावर रौखर निवासी सर्वजीत तथा लेखराज के खिलाफ आईपीसी की विभिन्न धाराओें के अंतर्गत मामला दर्ज किया गया है। प्राप्त जानकारी के अनुसार सेराथाना के ओम प्रकाश, सर्वजीत तथा लेखराज के बीच किसी बात को लेकर कहा सुनी हो गई। कहासुनी इतनी बढ़ गई कि सर्वजीत ने डंडे से ओम प्रकाश के सिर पर वार किया। जिसमें ओम प्रकाश गंभीर रूप से घायल हो गया। गंभीर रूप से घायल ओम प्रकाश को उसके परिजनों ने इलाज के लिए टांडा अस्पताल पहुंचाया, जहां पर उसके सिर पर गहरी चोट होने के चलते उसे डीएमसी लुधियाना रेफर कर दिया गया। कांगड़ा के डीएसपी अशोक वर्मा ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि सर्वजीत और लेखराज के खिलाफ आईपीसी की धारा 341, 323, 325, 504, 506, 34 के तहत मामला दर्ज किया गया है। उन्होंने बताया कि मामले की छानबीन जारी है।
