
चंबा। अब दुकान के बाहर सड़क में सामान रखा तो पुलिस की ओर से सामान को कब्जे में ले लिया जाएगा। इसके अलावा कारोबारियों पर केस भी दर्ज हो सकते हैं। पुलिस ने शहर के कारोबारियों व रेहड़ी फड़ी वालों के खिलाफ सख्ती से निपटने का मन बना लिया है। पुलिस की ओर से बार-बार दुकानदारों को हिदायत दी जा रही है कि वे दुकान के बाहर सामान न रखें। इसके अलावा रेहड़ी फड़ी वालों को भी बार-बार सड़क किनारे दुकानदारी सजाने से रोका जा रहा है, लेकिन एक तरफ पुलिस कार्रवाई करती है तो दूसरी तरफ दुकानदार कानून की अवहेलना करते हुए दोबारा सामान को सड़क पर रख देते हैं। पिछले तीन दिन से पुलिस की टीम दुकानों का निरीक्षण कर रही है। मंगलवार को पुलिस की टीम ने एएसआई जोगिंद्र सिंह की अगुवाई में शहर की दुकानों का निरीक्षण किया और दुकानों के बाहर रखा सामान हटवाया। साथ ही सड़क किनारे दुकानदारी सजाए बैठे रेहड़ी फड़ी वालों को भी खदेड़ा। हालांकि पुलिस की टीम को देखते ही दुकानदारों में हड़कंप मच गया और उन्होंने दुकानों के बाहर रखा सामान समेटना शुरू कर दिया, लेकिन जैसे ही पुलिस की टीम वहां से निकली, फिर से सामान को सड़क में सजा दिया। इससे जहां ट्रैफिक जाम हो रहा है, वहीं राहगीरों को भी आने जाने में दिक्कतें पेश आ रही हैं। डीएसपी हैडर्क्वाटर जितेंद्र चौधरी ने बताया कि दुकानदारों को बार-बार हिदायत देने के बाद भी वे बाज नहीं आ रहे हैं। उन्होंने कहा कि अब दुकानों के बाहर सामान रखा तो सामान को कब्जे में लेकर केस दर्ज कर दिया जाएगा।
इंसेट……….
स्कूल से बंक मारने वाले नहीं बचेंगे
अब स्कूली छात्र स्कूलों से बंक नहीं मार सकेंगे। बंक मारने वाले छात्र-छात्राओं पर भी पुलिस की पूरी नजर है। पुलिस कर्मी स्कूल के आसपास रूटीन से गश्त कर रहे हैं। पुलिस की टीम ने मंगलवार को स्थानीय गर्ल्स व ब्वायज स्कूल का भी निरीक्षण किया। इस मौके पर उन्होंने स्कूल की व्यवस्था को जांचा।
इंसेट……..
सरेआम कश लगाने वालों के चालान
सार्वजनिक स्थान पर धूम्रपान करने वालों को भी अब नहीं बख्शा जाएगा। मंगलवार को पुलिस की टीम ने एएसआई जोगिंद्र सिंह की अगुवाई में सार्वजनिक स्थान पर धूम्रपान करते हुए आठ लोग दबोचे और उनके चालान काटकर एक हजार रुपये जुर्माना वसूला। इसके अलावा यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों पर भी शिकंजा कसा गया और पांच चालान काटकर 600 रुपये जुर्माना किया गया।
