
बिलासपुर। जनपद बिलासपुर में सरकारी, निजी क्षेत्र में चल रहे स्कूलों को जनवरी माह के पहले सप्ताह के बाद वार्षिक पारितोषिक वितरण समारोह मनाना महंगा पड़ सकता है। शिक्षा विभाग ने स्कूलों में वार्षिक समारोह के लिए समय अवधि निर्धारित कर दी है, ताकि बच्चों की पढ़ाई किसी भी तरह से बाधित न हो। शिक्षा विभाग की ओर से स्कूलों को निर्देश जारी किए गए हैं। निर्देशों की अवहेलना होने पर स्कूल मुखियाओं को विभागीय कार्रवाई का सामना करना पड़ेगा। स्कूलों में इन दिनों वार्षिक समारोह का आयोजन किया जा रहा है। करीब 50 फीसदी से ज्यादा स्कूलों में वार्षिक समारोह मनाए जा चुके हैं। वहीं अन्य स्कूलों में अभी समारोह की तैयारियां ही चली हुई हैं। अब स्कूल मुखियाओं को जनवरी माह के पहले सप्ताह तक वार्षिक समारोह खत्म करने पड़ेंगे। स्कूल मुखियाओं के पास करीब सात दिन तक का समय शेष बचा है। स्कूलों में रविवार के दिन भी समारोह का आयोजन किया जा रहा है। जबकि इन समारोह का आयोजन स्कूल के कार्य दिवस के समय भी किया जा सकता है। बहरहाल अब स्कूल मुखियाओं को समारोह के आयोजन के लिए कुछ ही समय शेष बचा है।
उधर, उच्च शिक्षा उप निदेशक प्रीतम सिंह ढटवालिया ने कहा कि विभाग ने स्कूल मुखियाओं को वार्षिक समारोह जनवरी माह के पहले सप्ताह में खत्म करने के निर्देश जारी किए हैं।
पिछले साल भी हुई थी कार्रवाई
बिलासपुर। पिछले वर्ष भी वार्षिक समारोह निर्धारित तिथि के बाद होने के चलते बरठीं क्षेत्र के एक स्कूल को कार्रवाई का सामना करना पड़ा। बाकायदा स्कूल मुखिया ने लिखित तौर पर इसका कारण बताया। जवाब संतोषजनक होने के कारण स्कूल मुखिया पर कोई कार्रवाई नहीं हो पाई। यदि विभाग को उचित जवाब नहीं मिलता, तो स्कूल मुखिया पर विभागीय कार्रवाई की गाज गिर सकती थी।
