
काईस (कुल्लू)। सीवरेज कनेक्शन न लेने वालों के खिलाफ नगर परिषद और आईपीएच महकमे ने शिकंजा कस दिया है। ऐसे करीब साढ़े नौ सौ परिवारों को नोटिस जारी किए हैं जिन्होंने अभी तक सीवरेज कनेक्शन नहीं लिए हैं। इसमें सीवरेज कनेक्शन तत्काल लेने की हिदायत दी है। नोटिस में तय अवधि के बाद भी अगर कनेक्शन नहीं लिए जाते हैं तो ऐसे लोगों के पानी और बिजली तक के कनेक्शन काटने का प्रावधान भी नियमों में तय है।
जिला प्रशासन ने नगर परिषद और आईपीएच महकमे को ब्यास नदी को साफ सुथरा रखने के सख्त आदेश दिए हैं। प्रशासन के सख्त रुख के बाद ही आईपीएच तथा नप कुल्लू ने यह कदम उठाया है। आईपीएच ने सीवरेज कनेक्शन न लेने पर करीब चार सौ तथा नगर परिषद ने 550 परिवारों को नोटिस भेजे हैं। नगर परिषद कुल्लू के अध्यक्ष ऋषभ कालिया ने इसकी पुष्टि की है। सीवरेज कनेक्शन लेने में आनाकानी करने वालों के खिलाफ नगर परिषद कड़ी कार्रवाई करेगी।
आईपीएच के सहायक अभियंता विवेकहाजरी ने कहा कि यदि कनेक्शन नहीं लिए गए तो बिजली और पानी के कनेक्शन काट दिए जाएंगे। ब्यास नदी और इसकी सहायक नदी को मैला होने से बचाने के लिए यह कदम उठाए जा रहे हैं। विभाग ने कुल्लू शहर को तीन जोनों में बांट रखा है। जोन एक में 575 सीवरेज कनेक्शन लगे हैं। जोन दो के तहत 642 सीवरेज कनेक्शन लग पाए हैं। जोन थ्री के तहत 103 कनेक्शन लग चुके हैं। ब्यास में फैले जल प्रदूषण पर हिमालयन एन्वायरमेंट सोसाइटी के अध्यक्ष अभिषेक राय ने चिंता जताई है। उन्होंने सीवरेज कनेक्शन न लेने वालों पर जिला प्रशासन से कड़ी कार्रवाई अमल में लाने की मांग की है। उनकी दायर जनहित याचिका पर ही हाईकोर्ट ने कड़ा संज्ञान लिया था। न्यायालय ने ब्यास नदी में फेंके जा रहे मलबे और गंदे पानी पर चिंता जताते हुए इसे जल्द रोकने के आदेश दिए हैं।
1910.53 लाख से बना है सिस्टम
कुल्लू शहर के सीवरेज सिस्टम पर 1910.53 लाख रुपये खर्च किए गए हैं। 3400 कनेक्शनों की क्षमता वाले सीवरेज सिस्टम से अभी महज 1321 कनेक्शन जारी हो पाए हैं।
