
नोएडा
साइबर अपराधियों ने लोगों के खाते से रुपये निकालने का अब नया तरीका निकाल लिया है। लोगों के खाते को हैक करके उनके खाते में एक रुपये से एक हजार रुपये तक डालते हैं और फिर कहते हैं चूंकि आपका मोबाइल नंबर लक्की ड्रॉ में सलेक्ट हुआ है, इसलिए आपके खाते में पैसे डालने हैं।
चंद रुपये के चक्कर में लोग उन्हें मांगी गई जानकारियां भेज देते हैं और फिर अपराधियों की तरफ से उन्हें एक मैसेज भेजा जाता है। मैसेज में दिए गए लिंक को ओपन करने के लिए कहा जाता है। जैसे ही लिंक ओपन होता है, व्यक्ति का खाता साफ हो जाता है। ऐसे कई लोगों को साइबर अपराधी शिकार बना चुके हैं।
दरअसल, साइबर अपराधियों को अब फोन पर लोगों ने अपने खाते की सूचना देना कम कर दिया है। जिससे वह अब नया तरीका लेकर आए हैं। इसके तहत जिस व्यक्ति के साथ साइबर अपराध करना होता है उसके खाते में पहले कुछ रुपये भेजे जाते हैं।
यह ठग एक रुपया भेजकर खाता चेक करने की बात कहते हैं और उनको लालच देते हैं कि मोबाइल लकी ड्रा में आपका नाम शामिल किया गया था। इसमें तीन हजार से पांच हजार रुपये डालने का लालच दिया जाता है। खाताधारक से कहा जाता है कि अकाउंट चेक करने के लिए एक रुपया भेजा है।
यदि सही है तो लिंक ओपन करके यस कर दीजिए। व्यक्ति समझता है कि उनके खाते में ही तो रुपये आ रहे हैं। इस लालच में आकर वह लिंक ओपन कर देते हैं और उसी समय साइबर अपराधी खाते को हैक कर लेते हैं।
“मेरे खाते में एक रुपया जमा हुआ और मैसेज में आया तो देखा कि एक लिंक भी साथ में आया है। लेकिन उस लिंक को नहीं खोला था। कुछ देर बाद एक व्यक्ति का फोन आया और उसने कहा कि उनका मोबाइल नंबर लकी ड्रॉ में सलेक्ट हुआ है।
एक रुपये भेजकर खाता चेक किया है। यदि खाता सही है तो लिंक ओपन करने के बाद यस लिख दीजिए। इतना करने पर उसके खाते से 17 हजार रुपये निकल गए। अब सेक्टर-24 कोतवाली में तहरीर दी है।”
-विपिन कुमार, सेक्टर-12
“मेरे खाते में 100 रुपये आए थे और उसमें लिंक भेजा गया था। पैसे आने के तुरंत बाद एक व्यक्ति ने फोन करके लिंक खोलने के लिए कहा। यदि लिंक ओपन करने पर 100 रुपये खाते में जमा हो गए हैं तो उनको तत्काल 3900 रुपये और मिल सकते हैं।
यह मोबाइल नंबरों का ड्रॉ हुआ था, जिसमें आपका नंबर भी शामिल है। उसी समय 31 हजार रुपये निकलने का मैसेज आया। अब सेक्टर-49 कोतवाली में शिकायत दी है।”
-सत्यवीर सिंह, सरफाबाद
एडिशनल डीसीपी रणविजय सिंह ने बताया कि साइबर अपराधियों द्वारा इस रह की घटना करने का नया तरीका अपनाया गया है। हाल ही में कुछ लोगों को गिरफ्तार भी किया गया था। इसलिए लोग इस तरह के बहकावे में न आएं। सतर्कता से ही पैसे को बचाया जा सकता है।
