सवा लाख लोगों को अभी राहत नहीं

कुल्लू। ताजा बर्फबारी से जलोड़ी दर्रे की बहाली की राह मुश्किल हो गई है। दर्रे पर करीब तीन फुट तक बर्फ जमी पड़ी है। लिहाजा दर्रे के खुलने का इंतजार लंबा हो सकता है। वीरवार देर रात हुई बर्फबारी ने लोनिवि आनी तथा बंजार को करारा झटका दिया है। विभाग ने दर्रे के दोनों ओर से करीब आठ किलोमीटर सड़क से बर्फ हटा दी थी लेकिन ताजा हिमपात से बाह्य सराज की 58 पंचायतों के साथ लोनिवि आनी और बंजार की मुश्किलें और बढ़ गई। ऐसे में अब अगर मौसम खुशगवार रहा तो एक से डेढ़ हफ्ते का समय रास्ते की बहाली में लग सकता है।
शुक्रवार को भी दर्रे पर बीच-बीच में बर्फबारी होती रही। दर्रे के बंद होने से करीब सवा लाख आबादी प्रभावित हुई है।
जलोड़ी दर्रे के बंद होने से बाह्य सराज के लोगों को बाया शिमला और मंडी होकर जिला मुख्यालय कुल्लू पहुंचना पड़ेगा। जलोड़ी दर्रा बचाव चौकी में तैनात पुलिस जवान विक्रम ठाकुर ने कहा कि वीरवार रात को यहां डेढ़ फुट ताजा बर्फबारी हुई है। कहा कि ताजा हिमपात होने पर जलोड़ी दर्रा में करीब तीन फुट तक बर्फ जम चुकी है। ऐसे में दर्रा के अधिकतर होटल और ढाबा व्यवसायियों ने अपना कारोबार समेट लिया है। उन्होंने कहा कि दर्रा में शीतलहर और ठंड का प्रकोप बढ़ गया है।
लोनिवि बंजार के सहायक अभियंता रमेश शर्मा ने कहा कि विभाग ने दर्रे की बहाली का काम शुरू कर दिया था। घियागी से सोझा तक पांच किलोमीटर सड़क मार्ग से बर्फ को हटा दिया था, लेकिन वीरवार को हुई ताजा बर्फबारी ने सारी मेहनत पर पानी फेर दिया। कहा कि मौसम खराब चल रहा है। जैसे ही मौसम खुलेगा विभाग बर्फ हटाने का काम शुरू कर देगा। लोनिवि आनी के सहायक अभियंता किशोरी लाल सुमन ने कहा कि विभाग खनाग से बर्फ हटाने का अभियान मौसम खुलने पर शुरू करेगा।

Related posts