
गोहर/पंागणा (मंडी)। सिराज विस क्षेत्र के तहत ब्रयोगी पंचायत में सोमवार को मिल्क फेडरेशन के चेयरमैन चेतराम ठाकुर ने दो हजार लीटर की क्षमता वाले दुग्ध शीतन यंत्र का उद्घाटन किया। ब्रयोगी पंचायत में पहुंचने पर चेतराम का स्थानीय लोगों ने गर्मजोशी से स्वागत किया। लोगों को संबोधित करते हुए ठाकुर ने कहा कि क्षेत्र में वर्तमान समय में 15 सौ लीटर दूध एकत्र किया जा रहा है। चेतराम ने कहा कि कई वर्षों से चली आ रही दूध शीतन केंद्र की मांग को वर्तमान सरकार ने पूरा कर दुग्ध उत्पादकों को श्वेत क्रांति के क्षेत्र में भारी सुविधा प्रदान की है। ठाकुर ने कहा कि दुग्ध उत्पादकों को दूध की गुणवत्ता के आधार पर दूध के दाम मिलेंगे और हर माह दूध का भुगतान किया जाएगा। उन्होंने ऐलान किया कि मिल्क फेडरेशन छतरी क्षेत्र से दूध एकत्र करेगी। इसके उपरांत ब्रयोगी स्कूल में चेतराम ने वार्षिक पारितोषिक समारोह में मुख्य अतिथि की भूमिका निभाई।
उन्होंने कहा की वर्ष 2003 से 2007 तक वीरभद्र सिंह सरकार ने छत्तरी क्षेत्र में 4 रावमापा और 20 करोड़ रुपये की धनराशि सड़कों के निर्माण के लिए स्वीकृत की थी। लेकिन भाजपा सरकार धनराशि खर्च करने में असफल रही। उन्होंने कहा कि करसोग और छतरी में अधिकारियों से बैठक करके उन्हें छतरी क्षेत्र के सालों से लंबित विकास कार्य जिनकी धनराशि स्वीकृत पड़ी है के कार्य शुरू करने के लिए आदेश जारी किए जाएंगे। आगामी लोकसभा चुनाव के लिए प्रतिभा सिंह को अपना आशीर्वाद देने की अपील की। उन्होंने कहा कि प्रतिभा सिंह सिराज का दो दिवसीय दौरा करके गई हैं जिनमें उन्होंने जनता की मांग पर कई स्थानों पर धनराशि देने की घोषणा की जिसमें 94 लाख रुपये मंजूर होकर अधिकांश योजनाएं बनना शुरू हो चुकी हैं। धनीराम, राकेश ठाकुर, जयवंती चौहान, देवराज और चंपा ठाकुर समेत अनेक प्रशासनिक अधिकारियों ने भाग लिया।
