
होली (चंबा)। मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह के भरमौर-होली दौर के दौरान स्थानीय लोगों को उनकी कई मांगें पूरी होने की उम्मीद है। सबसे पहले तो ग्रामीण यहां लग रहे होली-बजौली प्रोजेक्ट की सुरंग निर्माण को लेकर लंबे समय से सरकार सेहस्तक्षेप की मांग कर रहे हैं। इसको लेकर कंपनी व ग्रामीणों के बीच काफी समय से विवाद चल रहा है। हालांकि कुछ दिन पहले एक एक्सपर्ट कमेटी विवाद को सुलझाने आई थी, लेकिन इसके रवैये को लेकर ग्रामीणों में असमंजस की स्थिति बनी हुई है। मुख्यमंत्री के होली दौरे के दौरान आंदोलनकारी ग्रामीण उनसे मिलकर एक बार फिर इस मामले में हस्तक्षेप की मांग कर सकते हैं। होली को सुरंग के जरिए जिला कांगड़ा से जोड़ने की मांग भी होलीवासियों की काफी पुरानी मांग है। हालांकि पूर्व सरकार ने होली-उतराला सुरंग निर्माण की घोषणा की थी, लेकिन सत्ता परिवर्तन के बाद वन मंत्री ठाकुर सिंह भरमौरी ने इसकी बजाय होली से हिमानी चामुंडा तक सुरंग की बात छेड़कर इस मामले को उलझा दिया था। इसके बाद से सुरंग को लेकर अभी तक स्थिति स्पष्ट नहीं हो पाई है। इसके अलावा स्थानीय स्वास्थ्य केंद्र में स्टाफ की कमी भी स्थानीय लोगों का बड़ा मुद्दा है। डाक्टरों व अन्य स्टाफ की कमी के कारण इस क्षेत्र के ग्रामीणों को इलाज के लिए 70 किमी. दूर जिला मुख्यालय जाना पड़ता है। स्थानीय निवासी चतरो राम, रमेश कुमार, रवि कुमार, अशोक, संतोष कुमार, कमलेश, धोगरू राम, त्रिलोक नाथ, जगदीश चंद, झोंफी राम, रतन चंद, कर्मचंद और मचला राम ने मुख्यमंत्री उनकी मांगों को जरूर पूरा करेंगे।
