कॉलेज गेट पर जड़ दिया ताला, दो घंटे चला हंगामा

चंबा। डिग्री कॉलेज चंबा में एससीए अध्यक्ष व कॉलेज प्रवक्ता के बीच हुई बहस के विरोध में मंगलवार को एनएसयूआई ने जमकर हंगामा किया। एनएसयूआई कार्यकर्ताओं ने सुबह कॉलेज कैंपस में विरोध रैली निकाल कर कॉलेज प्रशासन के खिलाफ नारे लगाए। कार्यकर्ताओं ने करीब दो घंटे तक कॉलेज का मुख्य द्वार बंद रखा और जोरदार प्रदर्शन किया। इसके बाद एनएसयूआई के कार्यकर्ता कॉलेज गेट पर बैठ गए और नारेबाजी की। कार्यकर्ता कॉलेज प्रशासन से एक ही मांग पर अड़े थे कि जिस प्रवक्ता ने एससीए अध्यक्ष से दुर्व्यवहार किया है, वे सबके सामने एससीए अध्यक्ष से माफी मांगे। दो घंटे तक कोई भी कॉलेज में अंदर-बाहर नहीं जा सका। एक बार जब कॉलेज के लोक प्रशासन के प्रवक्ता डा. गौतम, जर्नलिज्म के प्रवक्ता डा. संजीव व कार्यकारी प्राचार्य डा. विद्यासागर ने एससीए अध्यक्ष परमेंद्र व एनएसयूआई के परिसर अध्यक्ष चंदन नरूला को बैठ कर मामले सुलझाने की बात कही तो वे नहीं मानें। दोबारा लोक प्रशासन के प्रवक्ता डा. गौतम और डा. संजीव गेट पर आए। और उन्होंने दोबारा इस तरह का व्यवहार न करने की बात कही, तब जाकर वे माने और प्रदर्शन बंद किया। कॉलेज के कार्यकारी प्राचार्य डा. विद्यासागर शर्मा ने कहा कि छोटी सी बात पर समस्या खड़ी हुई थी। एससीए अध्यक्ष व प्रवक्ता की आपस में बात करवा कर मामला शांत कर दिया गया है।
इंसेट ………
छात्रों से अन्याय सहन नहीं : नरूला
विरोध रैली के दौरान एनएसयूआई के परिसर अध्यक्ष चंदन नरूला ने कहा कि एससीए अध्यक्ष के साथ हुए अभद्र व्यवहार को लेकर एनएसयूआई ने विरोध-प्रदर्शन किया है। अगर छात्र नेता व छात्र वर्ग के साथ अन्याय होता है तो एनएसयूआई इसे सहन नहीं करेगी।

इंसेट …….
पुलिस बनी रही मूकदर्शक
प्रर्दशन की खबर पुलिस प्रशासन को पहले से थी। लिहाजा मंगलवार सुबह ही कॉलेज परिसर में पुलिस कर्मी तैनात कर दिए गए थे। इस दौरान पुलिस कर्मियों ने कॉलेज प्रशासन के साथ मिलकर छात्रों को मनाने की कोशिश नहीं की। कॉलेज में चर्चा थी कि राजनीतिक दबाव के चलते पुलिस कार्रवाई नहीं की।

Related posts