सरकार में युवाओं को मिले जगह : युकां

रोहड़ू। युवा कांग्रेस शिमला संसदीय क्षेत्र के अध्यक्ष मुनीश ठाकुर ने कहा कि रोहड़ू के अधिकांश कार्यालयों में अधिकारी नियमित नहीं बैठ रहे हैं। यदि लोगों के काम अधिकारियों ने समय पर नहीं किए तो उनके कार्यालय का युवा कांग्रेस घेराव के लिए तैयार रहेगी। रोहड़ू तथा चिड़गांव में युवा कांग्रेस के कार्यकर्ताओं की बैठक के बाद मुनीश ठाकुर ने प्रेस वार्ता में यह चेतावनी दी है। उन्होंने कहा कि संसदीय क्षेत्र के सभी 17 विधानसभा क्षेत्रों में युवा कांग्रेस पद यात्रा के माध्यम से केंद्र सरकार की उपलब्धियों को जनता तक पहुंचा रही है। आगामी लोकसभा चुनाव के लिए अभी से युवाओं को तैयार किया जा रहा है। अभी तक 14 विधानसभा क्षेत्रों में कार्यक्रम पूरा कर दिया गया है। उन्होंने कहा कि अब युवा कांग्रेस का एक प्रतिनिधिमंडल प्रदेश अध्यक्ष मोनिका भारती की अध्यक्षता में मुख्यमंत्री से भी मिल रहा है। मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह से सरकार में युवाओं को स्थान देने के लिए आग्रह किया जाएगा। मुनीश ठाकुर ने कहा कि उनका चयन राष्ट्रीय कार्यकारिणी में किया गया है। संसदीय क्षेत्र में युवा कांग्रेस कार्यकारी अध्यक्ष कोई नहीं बनेगा। कुछ लोग कार्यकारी अध्यक्ष के नाम पर युवाओं को गुमराह कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि संसदीय क्षेत्र में सभी महासचिवों को संगठन का काम सौंपा जाता है।
इस दौरान युवा कांग्रेस रोहडू इकाई के अध्यक्ष विजय चौहान, सुजय अग्रवाल, राकेश नेगी, रविंद्र ठाकुर, सुरेंद्र, विरेंद्र नेगी, सुरेंद्र चौहान, रौकी चौहान, राकेश कुल्ला, बीरबल नेगी, कपिल देव, संजीव, यशवंत, नरेंद्र पाल, सुशील, सुनील शौंगी सहित युवा कांग्रेस के अन्य कार्यकर्ता भी उपस्थित थे।

Related posts