
ददाहू (सिरमौर)। सिविल अस्पताल ददाहू में व्याप्त खामियों को लेकर जनवादी महिला समिति की जिला व स्थानीय इकाई ने शुक्रवार को ददाहू में प्रदर्शन कर प्रदेश सरकार के खिलाफ नारेबाजी की। समिति ने सरकार को अस्पताल में व्याप्त व्यवस्थाओं को सुधारने व रिक्त पदों को भरने के लिए दो माह का अल्टीमेटम दिया है।
जनवादी महिला समिति की राज्य महासचिव संतोष कपूर ने हुए कहा कि प्रदेश सरकार जनता की स्वास्थ्य के साथ खिलवाड़ कर रही है। ददाहू अस्पताल में लाखों की मशीनरी व उपकरण बिना तकनीशियन व आपरेटर के सड़ रहे हैं। महिला चिकित्सक का पद लंबे अरसे से रिक्त पड़ा हुआ है। ददाहू अस्पताल में एक्सरे मशीनें होने के बावजूद भी मरीजों को एक्सरे करवाने के लिए नाहन व पांवटा जाना पड़ता है।
समिति ने नायब तहसीलदार के माध्यम से मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह को एक ज्ञापन भेजा है। जिसमें दो माह के भीतर ददाहू अस्पताल में सुविधाओं को बहाल करने एवं महिला चिकित्सक का पद भरने की मांग की गई है। महिलाओं के इस रोष प्रदर्शन का रेणुका बांध कामगार व किसान सभा ने भी समर्थन करते हुए बांध प्रबंधन की मजदूरी छंटनी प्रथा के खिलाफ नारेबाजी की। इसमें काम से निकाले गए कामगारों को यथावत रखने का एक ज्ञापन बांध प्रबंधन के एजीएम पीके कथूरिया को दिया।
इस मौके पर सतपाल मान, मान सिंह ठाकुर, प्रदीप सिंह, अमित ठाकुर, सुषमा, कृतिका, निर्मला भारद्वाज, मधुर चौधरी व शोभा वालिया सहित दर्जनों महिलाएं उपस्थित थी।
बाक्स…..
कड़ी धूप भी नहीं रोक पाई महिलाओं के प्रदर्शन को
ददाहू (सिरमौर)। शुक्रवार को ददाहू में चिलचिलाती धूप के बीच जहां तापमान 40 डिग्री के करीब था। महिलाओं ने कड़ी धूप में ददाहू अस्पताल से लेकर नायब तहसीलदार कार्यालय व बांध परियोजना कार्यालय तक रैली निकालकर रोष प्रदर्शन किया।
