
जमटा (सिरमौर)। शिमला से पांवटा जा रही क्लूजर कार संख्या एचआर-51एजी-9989 बनेठी के समीप वीरवार देर रात 300 फुट गहरी खाई में लुढ़क गई। कार में सवार चालक सचिन कुमार तथा कार मालिक अशोक अग्रवाल (45) निवासी एसएस कालोनी बांगरन पांवटा साहिब हैरतअंगेज ढंग से बाल-बाल बच गए। देर रात हुए इस हादसे में दोनों सवारों को मामूली सी चोटें आई हैं। जिन्हें प्राथमिक उपचार के बाद घर के लिए रवाना कर दिया गया। 108 एंबुलेंस के ईएमटी दीपक शर्मा ने बताया कि बनेठी के पास देवसनीघाट में हुए इस हादसे के बाद दोनों घायलों को 108 की सहायता से अस्पताल पहुंचाया गया। प्रत्यक्षदर्शी दर्शन सिंह, राजा राम, रामस्वरूप, विनोद कुमार तथा प्रदीप कुमार ने बताया कि कार लगभग 300 फुट गहरी खाई में लुढ़क गई।
